देहरादून। उत्तराखंड (Uttrakhand) के अल्मोड़ा जिले में सोमवार सुबह करीब 8 बजे एक यात्री बस 150 फीट गहरी खाई में गिर गई, जिसमें 36 लोगों की मौत हो गई और 6 लोग घायल हो गए। यह हादसा कूपी क्षेत्र के पास हुआ, जहां बस में कुल 42 यात्री सवार थे। पुलिस का कहना है कि मृतकों की संख्या में वृद्धि हो सकती है। हादसे का कारण अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन बस एक मोड़ पर नियंत्रण खोकर खाई में गिर गई।
कुमाऊं मंडल के कमिश्नर दीपक रावत ने बताया कि बस नदी के करीब 10 फीट पहले एक पेड़ में फंसकर रुक गई, जिससे गिरते समय कई यात्री झटके के कारण खिड़कियों से बाहर जा गिरे। यह बस किनाथ से रामनगर की ओर जा रही थी, जिसमें अधिकतर स्थानीय लोग सवार थे, जो दीवाली की छुट्टी के बाद काम के पहले दिन लौट रहे थे। पुलिस के अनुसार, बस गढ़वाल मोटर्स ऑनर्स यूनियन लिमिटेड की थी और प्रारंभिक जांच में पाया गया है कि बस की स्थिति अत्यंत खराब थी।
Uttrakhand: सीएम धामी ने दिए जांच के आदेश
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मृतकों के परिवारों को 4-4 लाख रुपये और घायलों को 1-1 लाख रुपये की सहायता राशि देने का ऐलान किया है। कुमाऊं मंडल के आयुक्त को घटना की मजिस्ट्रेट जांच के निर्देश दिए गए हैं, जबकि पौड़ी और अल्मोड़ा के एआरटीओ प्रवर्तन को निलंबित कर दिया गया है।
घायलों का इलाज रामनगर अस्पताल में किया जा रहा है। गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को एयरलिफ्ट करके हल्द्वानी भेजा जाएगा और कुछ को ऋषिकेश स्थित एम्स में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा, विशेषज्ञ डॉक्टरों की एक टीम भी हेलिकॉप्टर से रामनगर अस्पताल पहुंची है।
घटना की सूचना मिलने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और सांसद अनिल बलूनी दिल्ली से उत्तराखंड के लिए रवाना हो गए, जहां वह भाजपा की एक बड़ी बैठक में शामिल होने पहुंचे थे। कमिश्नर दीपक रावत ने बताया कि चार गंभीर घायलों को हेलिकॉप्टर से एम्स में भर्ती कराया गया है।

