Varanasi: पराडकर स्मृति भवन, गोलघर में मंगलवार को गोवर्धन पूजा समिति द्वारा आयोजित पत्रकार वार्ता में समिति अध्यक्ष विनोद यादव ‘गप्पू’ ने जानकारी दी कि वाराणसी में इस वर्ष का 5244वां गोवर्धन पूजनोत्सव 1 नवंबर को धूमधाम से मनाया जाएगा। कार्यक्रम की मुख्य विशेषता एक विशाल शोभायात्रा होगी, जो शाम 5:00 बजे हथुआ मार्केट, चेतगंज से आरंभ होकर गोवर्धन धाम पर समाप्त होगी और एक जनसभा में परिवर्तित हो जाएगी।
गोवर्धन धाम के मंच पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ ‘गोवर्धन श्री’ सम्मान समारोह का आयोजन होगा, जिसमें प्रमुख अतिथि आजमगढ़ के सांसद धर्मेंद्र यादव रहेंगे और मुख्य वक्ता राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव होंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री दुर्गा प्रसाद यादव और अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा के प्रदेश अध्यक्ष अशोक यादव कार्यक्रम में शामिल होंगे।
विनोद यादव ने बताया कि ‘गोवर्धन श्री’ सम्मान से इस बार 10 विशिष्ट व्यक्तियों को उनके सामाजिक योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा। शोभायात्रा रामकटोरा, कबीरचौरा, मैदागिन, मछोदरी, मुकीमगंज और भैसासुर घाट से होकर गुजरेगी, जहाँ तोरण द्वारों के माध्यम से स्वागत किया जाएगा और महिलाओं द्वारा पुष्प वर्षा की जाएगी।
Varanasi: माल्यार्पण और पुष्पवर्षा से होगा शोभायात्रा का स्वागत
यात्रा के दौरान यादव समाज के स्थानीय सदस्य जलपान, माल्यार्पण और अंगवस्त्रम के साथ स्वागत करेंगे। इस भव्य शोभायात्रा में मथुरा, वृंदावन, छत्तीसगढ़, प्रयागराज और झारखंड की झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी। पत्रकार वार्ता में प्रकाश यादव, अशोक यादव, दिनेश यादव, जय प्रकाश यादव, शिवबचन यादव, जितेंद्र यादव, भाला यादव, प्रवीण यादव, भोला यादव सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।