Varanasi: शहर के डाफी स्थित सीर गोवर्धनपुर वार्ड संख्या 23 की नाराज़ जनता ने बुनियादी सुविधाओं की बदहाली के खिलाफ अनोखे ढंग से विरोध जताया। गुरूवार को इलाके के नागरिक सीवर के गंदे पानी में बैठ गए और स्थानीय प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाज़ी की। क्षेत्र में वर्षों से जलनिकासी, जर्जर सड़कें, और सीवर की समस्याएं बनी हुई हैं। बारिश के दिनों में गलियों में पानी भरना आम बात हो गई है, जिससे न केवल आवाजाही बाधित होती है, बल्कि बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।
Varanasi: जनता ने प्रशासन को दी चेतावनी
इस जनआक्रोश का नेतृत्व बाबा साहब अंबेडकर वाहिनी के महानगर अध्यक्ष अमन यादव ने किया। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी दी कि अगर जल्द कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो यह आंदोलन और तेज होगा। साथ ही प्रदर्शनकारियों (Varanasi) ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में विकास के नाम पर केवल खानापूरी और घोटाले हुए हैं। सड़कों की हालत बदतर है, गंदा पानी गलियों में बह रहा है, और लोग बीमारियों के खतरे में जीने को मजबूर हैं।

गौरतलब है कि यह वही इलाका है जहां हर वर्ष संत रविदास जयंती के मौके पर देश के प्रधानमंत्री, कई मुख्यमंत्री और वीआईपी लोग दर्शन-पूजन के लिए आते हैं। लेकिन हैरानी की बात यह है कि इसके बावजूद वार्ड को आज तक न सीवर की सही व्यवस्था मिल सकी, न जलनिकासी की।
प्रदर्शनकारियों ने यह स्पष्ट किया कि अब आश्वासन नहीं, कार्रवाई चाहिए। जब तक क्षेत्र में ठोस विकास कार्य शुरू नहीं होंगे, विरोध जारी रहेगा।