Varanasi: भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी की प्रतिमा को होर्डिंग से ढकने को लेकर वाराणसी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताई है। मंगलवार को जिला कांग्रेस कमेटी (आरटीआई विभाग) के जिलाध्यक्ष राजेश त्रिपाठी के नेतृत्व में कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने नगर आयुक्त अक्षत वर्मा से मुलाकात करने नगर निगम पंहुचा और इस मुद्दे को लेकर एक मांग पत्र सौंपा।

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि वाराणसी (Varanasi) के मैदागिन चौराहे पर स्थित राजीव गांधी की प्रतिमा के ठीक सामने एक सरकारी विज्ञापन का होर्डिंग लगाया गया है, जिससे प्रतिमा पूरी तरह से ढक गई है। प्रतिनिधिमंडल ने इसे न केवल असंवेदनशील कृत्य बताया, बल्कि कहा कि इससे जनता में नगर निगम और सरकार की छवि पर नकारात्मक असर पड़ रहा है।
Varanasi: 21 मई तक हटाए जाए सभी होर्डिंग्स
कांग्रेस नेताओं ने नगर आयुक्त को चेताते हुए कहा कि 21 मई को स्व. राजीव गांधी की शहादत दिवस है। इस दिन कांग्रेस कार्यकर्ता और आमजन वहां प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। यदि नगर निगम प्रशासन (Varanasi) समय रहते होर्डिंग नहीं हटाता है, तो कांग्रेसजन आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

राजेश त्रिपाठी ने आरोप लगाया कि यह कृत्य न केवल स्वर्गीय राजीव गांधी के सम्मान का अपमान है, बल्कि यह जनता की भावनाओं के साथ भी खिलवाड़ है। उन्होंने मांग की कि नगर निगम प्रशासन बिना देरी किए होर्डिंग को हटाए और भविष्य में ऐसी घटनाएं न दोहराई जाएं।
कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि यदि जल्द ही समाधान नहीं हुआ, तो वे आंदोलनात्मक कदम उठाने से पीछे नहीं हटेंगे, जिसकी जिम्मेदारी पूरी तरह नगर निगम और जिला प्रशासन (Varanasi) की होगा।