Varanasi: जनपद के हरहुआ क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। मामला बड़ागांव थाना क्षेत्र के हरहुआ पुलिस चौकी अंतर्गत हरहुआ (Varanasi) बाजार का है, जहां किराए के मकान में रह रहे 32 वर्षीय युवक का शव उसके कमरे में मिला।

जानकारी के अनुसार हरहुआ (Varanasi) बाजार स्थित ओवरब्रिज के नीचे इकबाल खान का चार मंजिला मकान है। मकान के भूतल पर उनके बेटे की इलेक्ट्रिक की दुकान संचालित होती है, जबकि ऊपरी मंजिलों पर किराएदार रहते हैं। चौथी मंजिल पर प्रशांत कुमार सरोज (32) निवासी लकमीपुर, जलालपुर, जनपद जौनपुर, पिछले लगभग आठ वर्षों से किराए पर रह रहे थे।

Varanasi: वेल्डिंग के काम से थी आजीविका
बताया जाता है कि उन्होंने इंजीनियरिंग की पढ़ाई की थी, लेकिन पारिवारिक कारणों से नाराज होकर घर छोड़ दिया था और हरहुआ (Varanasi) में रहकर वेल्डिंग का काम करते थे। वह अपने पास वेल्डिंग मशीन रखते थे और आसपास के क्षेत्रों में घूम-घूमकर काम कर अपनी आजीविका चलाते थे। परिजनों के अनुसार प्रशांत का परिवार से संपर्क बहुत कम था। चार दिन पूर्व उनके पिता छोटेलाल सरोज उनसे मिलने हरहुआ आए थे, लेकिन प्रशांत ने उनसे मुलाकात नहीं की और कमरे में ताला बंद कर कहीं चले गए। इसके बाद से वह किसी से बातचीत भी नहीं कर रहे थे।

रविवार सुबह करीब 10 बजे तक जब प्रशांत अपने कमरे से बाहर नहीं निकले तो आसपास के किराएदारों को संदेह हुआ। दरवाजा खटखटाने और आवाज देने पर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। खिड़की से झांककर देखा गया तो वह जमीन पर पड़े थे और शरीर में कोई हरकत नहीं थी। तत्काल मकान मालिक ने हरहुआ (Varanasi) पुलिस चौकी को सूचना दी। सूचना पर चौकी प्रभारी विवेकानंद द्विवेदी मौके पर पहुंचे और उच्चाधिकारियों को अवगत कराया और फॉरेंसिक टीम को भी सूचना दी गयी। मौके पर पहुंची टीम ने बंद दरवाजे को खोला और कमरे का जांच किए। उसके बाद हरहुआ पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

घटना की सूचना मिलते ही रिश्तेदार नागेंद्र सरोज व संजय कुमार सरोज मौके पर पहुंचे। परिजनों ने बताया कि प्रशांत तीन बहनों में इकलौते भाई थे, तीनों बहनों की शादी हो चुकी है। उनके पिता रेलवे से सेवानिवृत्त हैं और लखनऊ में रहते हैं।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।

