भारतीय क्रिकेट टीम के युवा ऑलराउंडर Washington Sundar अपने अलग अंदाज और शानदार खेल के लिए जाने जाते हैं। रविवार की शाम उन्होंने आध्यात्मिक नगरी वाराणसी के विश्व प्रसिद्ध दशाश्वमेध घाट पर आयोजित मां गंगा की भव्य आरती में भाग लेकर धार्मिक आस्था का परिचय दिया।

क्रिकेटर Washington Sundar अपने दोस्तों के साथ घाट पहुंचे, जहां गंगा सेवा निधि द्वारा आयोजित होने वाली विश्व प्रसिद्ध गंगा आरती में उन्होंने पूरे श्रद्धा भाव से भाग लिया। इस दौरान उन्होंने वैदिक रीति से मां गंगा का पूजन किया और आरती के दिव्य दृश्य को देखकर मंत्रमुग्ध नजर आए। घाट पर मौजूद श्रद्धालु भी उन्हें अपने बीच पाकर उत्साहित दिखाई दिए और कई लोगों ने उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।

आईपीएल में शानदार प्रदर्शन के बाद पहुंचे वाराणसी
गौरतलब है कि भारतीय क्रिकेटर Washington Sundar वर्तमान में आईपीएल टीम गुजरात टाइटंस के लिए खेल रहे हैं। उन्होंने हाल ही में आईपीएल 2026 में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपने करियर का पहला अर्धशतक जड़ा और एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की।

इस उपलब्धि के बाद वाराणसी पहुंचकर उन्होंने मां गंगा का आशीर्वाद लिया। धार्मिक और सांस्कृतिक नगरी में उनकी उपस्थिति को क्रिकेट प्रेमियों और स्थानीय लोगों ने विशेष रूप से सराहा।
काशी में Washington Sundar का हुआ सम्मान
गंगा सेवा निधि के अध्यक्ष सुशांत मिश्रा, कोषाध्यक्ष आशीष तिवारी और सचिव हनुमान यादव ने क्रिकेटर का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। उन्हें अंग वस्त्र, रुद्राक्ष की माला और प्रसाद भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर वाशिंगटन सुंदर ने गंगा सेवा निधि की विजिटर बुक में अपने अनुभव साझा करते हुए लिखा कि यहां का वातावरण अद्भुत है और यहां बार-बार आने का मन करता है। दशाश्वमेध घाट पर वह लगभग एक घंटे तक मौजूद रहे और पूरी श्रद्धा के साथ मां गंगा की आरती का आनंद लिया। उनकी उपस्थिति से घाट का माहौल और भी उत्साहपूर्ण हो गया तथा श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।

