Varanasi: रामनगर थाना क्षेत्र के मच्छरहट्टा वार्ड में शनिवार शाम को एक विवाहिता ने बंद कमरे में साड़ी के सहारे पंखे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान साक्षी शर्मा के रूप में हुई, जो कानपुर के अकबर नगर निवासी राजेंद्र शर्मा की बेटी थीं। साक्षी की शादी 15 फरवरी 2023 को अर्जुन शर्मा से हुई थी, और दोनों का एक वर्षीय बेटा विवान है।
अर्जुन शर्मा ने बताया कि शुक्रवार को उनके बेटे विवान का पहला जन्मदिन था। इस अवसर पर वह साक्षी और बेटे के साथ विभिन्न मंदिरों में दर्शन करने गए थे। शनिवार तक सब कुछ सामान्य था। शाम को अर्जुन किसी काम से घर से बाहर गए थे। जब लौटे तो साक्षी का कमरा अंदर से बंद था। काफी प्रयासों के बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला, तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कैमरे की निगरानी में दरवाजा तोड़ा। कमरे में साक्षी साड़ी के सहारे पंखे से लटकी हुई मिली। घटना के समय साक्षी की 14 वर्षीय बहन अनन्या घर के दूसरे कमरे में मौजूद थी। कमरे के अंदर से बंद होने के कारण उसे घटना की कोई जानकारी नहीं हुई।
Varanasi: पुलिस और फॉरेंसिक जांच
घटना की जानकारी मिलते ही फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने बताया कि साक्षी के परिजन कानपुर से वाराणसी के लिए रवाना हो गए हैं। उनके आने के बाद ही आत्महत्या के कारणों का पता चल सकेगा।
फिलहाल, पुलिस ने साक्षी के शव को मर्चरी में रखवा दिया है, और रविवार को पोस्टमार्टम किया जाएगा। मौके पर एसीपी दशाश्वमेघ प्रज्ञा पाठक ने जांच की और साक्षी की बहन अनन्या से घटना के बारे में जानकारी ली।
साक्षी के पति अर्जुन शर्मा भाजपा के निवर्तमान अध्यक्ष हैं। उन्होंने एक हफ्ते पहले युवा मोर्चा के नगर अध्यक्ष पद से अपने 18 पदाधिकारियों के साथ इस्तीफा दिया था। घटना को लेकर पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।

