Sonbahra: शक्तिनगर थाना क्षेत्र में संदिग्ध सड़क दुर्घटना के रूप में सामने आए एनसीएल बीना के सीनियर ओवरमैन की मौत के मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, प्रेम-प्रसंग के चलते मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी ने हत्या की वारदात को अंजाम दिया।
इसके बाद तीन अन्य लोगों की मदद से शव को सड़क किनारे ले जाकर वाहन से चोट पहुंचाते हुए घटना को सड़क दुर्घटना का रूप देने का प्रयास किया गया। पुलिस ने मृतक की पत्नी, उसके प्रेमी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार तथा क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक शक्तिनगर सत्येन्द्र कुमार राय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले का अनावरण किया।
पुलिस के अनुसार, 23 अगस्त को शक्तिनगर थाना क्षेत्र (Sonbahra) के बीना स्टेडियम-जमशीला के पास बीना कॉलोनी निवासी रमाशंकर मिश्रा पुत्र रामयश मिश्रा का शव सड़क किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। रमाशंकर मिश्रा एनसीएल बीना में सीनियर ओवरमैन के पद पर कार्यरत थे।
प्रारंभ में मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा था, लेकिन घटनास्थल की परिस्थितियां संदिग्ध मिलने पर पुलिस ने गहन जांच शुरू की। इस संबंध में शक्तिनगर थाने में संबंधित धारा में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने घटनास्थल (Sonbahra) की परिस्थितियों के साथ तकनीकी साक्ष्य, कॉल डिटेल, लोकेशन और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की।
घर पर पत्नी और प्रेमी को देखने के बाद हुआ था विवाद
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी प्रियंका मिश्रा और विकास चौहान के बीच लंबे समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। पुलिस के मुताबिक 22 अगस्त को रमाशंकर मिश्रा ने अपनी पत्नी प्रियंका और विकास चौहान को घर पर देख लिया था, जिसके बाद विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान प्रियंका मिश्रा और विकास चौहान ने रमाशंकर मिश्रा का गला दबाया तथा पत्थर के फर्श पर सिर पटक दिया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं और उनकी मृत्यु हो गई।
Sonbahra:शव को सड़क पर ले जाकर रचा दुर्घटना का दृश्य
पुलिस के अनुसार हत्या के बाद वारदात को छिपाने और पुलिस को गुमराह करने के उद्देश्य से विकास चौहान ने अपने सहयोगियों अनुराग सिंह उर्फ बादल और सोनू गुप्ता की मदद ली। 22 अगस्त की रात मृतक के शव को चादर और गमछे में लपेटकर सड़क (Sonbahra) किनारे ले जाया गया। इसके बाद वाहन से चोट पहुंचाकर पूरी घटना को सड़क दुर्घटना का रूप देने का प्रयास किया गया। हालांकि पुलिस की जांच में घटना की परतें खुलती चली गईं और मुकदमा दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
ये भी पढ़ें:- युवा भाजपा नेता सुनील शर्मा ने फंदे से लटककर दी जान
पुलिस (Sonbahra) ने विकास चौहान पुत्र यदुनंदन चौहान निवासी एम-10, बीना कॉलोनी, थाना शक्तिनगर, प्रियंका मिश्रा पत्नी स्वर्गीय रमाशंकर मिश्रा निवासी बी-264, बीना कॉलोनी, अनुराग सिंह उर्फ बादल पुत्र ध्रुव कुमार सिंह निवासी एम-246, बीना कॉलोनी तथा सोनू गुप्ता पुत्र सुभाष गुप्ता निवासी जमशीला, थाना शक्तिनगर को गिरफ्तार किया है।
