दोहरीघाट (Mau) दोहरीघाट कस्बे के मुक्तिधाम स्थित शवदाह स्थल के पास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर कथित टोटका सामग्री के साथ रखे जाने का मामला तूल पकड़ने लगा है। सोशल मीडिया पर फोटो और वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने शनिवार को अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी है। मामले के खुलासे के लिए दोहरीघाट थाना पुलिस के साथ साइबर सेल की टीम भी जुटी हुई है।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को मुक्तिधाम स्थित शवदाह स्थल के पास प्रधानमंत्री की तस्वीर के आसपास नारियल, नींबू, लाल धागे और सिंदूर जैसी सामग्री रखे होने का फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ था। तस्वीर सामने आने के बाद क्षेत्र (Mau) में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। मामला संज्ञान में आने के बाद पुलिस ने इसे गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू की।
Mau: सीसीटीवी फुटेज से तलाशे जा रहे सुराग
पुलिस अब घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही अन्य इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों से भी जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि तस्वीर रखने वाले लोगों की पहचान की जा सके। सोशल मीडिया (Mau) पर वायरल फोटो और वीडियो से जुड़े तथ्यों की भी जांच की जा रही है।
इस मामले में भाजपा जिलाध्यक्ष रामाश्रय मौर्य ने आपत्ति जताते हुए जिला प्रशासन से संबंधित लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी।
ये भी पढ़ें: गंगा की लहरों पर भारतीय शौर्य की उड़ान
दोहरीघाट थाने (Mau) में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 353(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। क्षेत्राधिकारी घोसी सत्येंद्र भूषण तिवारी ने बताया कि पुलिस और साइबर सेल की टीम मामले की गहनता से जांच कर रही है। साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द ही प्रकरण का पर्दाफाश किया जाएगा।
