Varanasi: पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल के निर्देश पर शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार सक्रिय है। वहीं एसीपी और थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में चक्रमण कर यातायात व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। सड़कों पर अतिक्रमण, बेतरतीब खड़े वाहनों और वाहनों की लंबी कतार के कारण लगने वाले जाम को नियंत्रित करने के लिए पुलिस की ओर से लगातार कार्रवाई की जा रही है।
मालवीय चौराहे पर लगी वाहनों की कतार
इसी क्रम में बुधवार को बारिश के दौरान लंका(Varanasi) क्षेत्र में अचानक यातायात का दबाव बढ़ने से जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। बारिश के बीच बड़ी संख्या में वाहनों के सड़क पर आने और यातायात की रफ्तार धीमी होने के कारण मालवीय चौराहे के आसपास वाहनों की कतार लगने लगी।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
स्थिति की जानकारी मिलते ही लंका थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और यातायात व्यवस्था को संभाला। उनके साथ हमराह पुलिसकर्मी, लंका चौकी प्रभारी तथा संकट मोचन (Varanasi) क्षेत्र से जुड़े पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे। पुलिस टीम ने चौराहे पर खड़े होकर वाहनों के आवागमन को नियंत्रित किया और जाम में फंसे वाहनों को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़वाया।

पुलिसकर्मियों ने प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव कम करने के लिए वाहनों को नियंत्रित किया। साथ ही सड़क किनारे अनावश्यक रूप से खड़े वाहनों को हटवाते हुए आवागमन के लिए रास्ता खाली कराया गया। बारिश के कारण सड़क पर फिसलन और यातायात धीमा होने के बावजूद पुलिसकर्मी लगातार मौके पर डटे रहे।
पुलिस की सक्रियता के बाद मालवीय चौराहे और आसपास के मार्गों पर यातायात व्यवस्था धीरे-धीरे सामान्य होने लगी। पुलिस अधिकारियों(Varanasi) का कहना है कि शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए लगातार क्षेत्र में भ्रमण किया जा रहा है। अतिक्रमण और सड़क पर वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग के कारण यातायात प्रभावित न हो, इसके लिए भी आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

वाहन चालकों को मिली राहत
पुलिस की इस सक्रियता से बारिश के बीच जाम में फंसे राहगीरों और वाहन चालकों को राहत मिली। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यातायात व्यवस्था में किसी भी तरह की बाधा उत्पन्न होने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर व्यवस्था को सामान्य कराया जाएगा।

