प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बुधवार को काशी में विशेष धार्मिक आयोजन हुआ। इस दौरान 500 बाइकर्स और 51 महिलाओं ने बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक किया। 10 पवित्र नदियों का जल कलश में लेकर महिलाएं शोभायात्रा के साथ काशी विश्वनाथ धाम पहुंचीं और विधि-विधान से बाबा का अभिषेक किया।


आयोजन के तहत मैदागिन से काशी विश्वनाथ धाम तक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इसमें 500 बाइकर्स के साथ 51 महिलाएं हाथों में कलश लेकर शामिल हुईं। यात्रा के दौरान हर-हर महादेव के जयघोष से माहौल भक्तिमय बना रहा। शोभायात्रा के काशी विश्वनाथ धाम पहुंचने के बाद धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया गया और 10 पवित्र नदियों के जल से बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक किया गया।


10 पवित्र नदियों का जल लेकर पहुंचीं महिलाएं
आयोजकों के मुताबिक, महिलाओं द्वारा लाए गए कलशों में 10 पवित्र नदियों का जल रखा गया था। इसी जल से बाबा विश्वनाथ का अभिषेक किया गया। आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। इस दौरान पीएम (PM Modi) के दीर्घायु होने की भी कामना की गई।


मंत्रियों ने पुष्पवर्षा कर किया स्वागत
काशी विश्वनाथ धाम पहुंचने पर मंत्री दयाशंकर मिश्र और हंसराज विश्वकर्मा ने बाइकर्स और महिलाओं का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। इस दौरान हर-हर महादेव के जयकारे गूंजते रहे।

ये भी पढ़ें:- पीएम मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर मां गंगा की आरती
आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम का आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर किया गया। धार्मिक आयोजन के माध्यम से बाबा विश्वनाथ के प्रति आस्था और प्रधानमंत्री के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन को एक साथ चिह्नित किया गया।

