Varanasi: दुबई से लौटे पति को लेकर घर जा रही महिला की सड़क हादसे में मौत हो गई। गुरुवार देर रात चौबेपुर क्षेत्र के मोलनापुर के पास अचानक सामने आई बाइक को बचाने के प्रयास में कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर के बाद कार कई बार पलट गई। हादसे में महिला और कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनके पति को मामूली चोटें आईं। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया।
बाइक को बचाने में अनियंत्रित हुई कार
जानकारी के अनुसार, गाजीपुर जिले के दुल्लहपुर क्षेत्र के तिरछी गांव निवासी रामजग चौहान दुबई से लौटे थे। उनकी पत्नी पन्ना देवी उन्हें लेने बाबतपुर एयरपोर्ट (Varanasi) गई थीं। देर रात दोनों अपनी 12 वर्षीय गोद ली हुई बेटी रुचि चौहान और कार चालक अमिताभ चौहान के साथ मारुति एक्सएल-6 से घर लौट रहे थे।
बताया जा रहा है कि चंद्रावती के पास मोलनापुर में अचानक एक बाइक सामने आ गई। उसे बचाने के प्रयास में चालक कार पर नियंत्रण खो बैठा। कार डिवाइडर से टकराने के बाद कई बार पलट गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
Varanasi: डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित किया
हादसे (Varanasi) की सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक दुर्गेश मिश्रा और अनुराग तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल नरपतपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजनाथ राम ने जांच के बाद पन्ना देवी को मृत घोषित कर दिया।
कार चालक अमिताभ चौहान के सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उन्हें ट्रामा सेंटर रेफर किया गया। वहीं, रामजग चौहान को मामूली चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया।
ये भी पढ़ें: अवैध पटाखा फैक्टरी में धमाका, 2 मंजिला मकान जमींदोज
पति की दुबई से वापसी की खुशी में उन्हें लेने एयरपोर्ट पहुंचीं पन्ना देवी की मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। हादसे में उनकी 12 वर्षीय गोद ली हुई बेटी रुचि चौहान के सिर से मां का साया उठ गया। घटना के बाद परिजनों (Varanasi) का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

