Varanasi Air Show: धर्म और संस्कृति की नगरी काशी में गंगा के ऊपर भारतीय वायुसेना के हवाई प्रदर्शन को लेकर लोगों का उत्साह दूसरे दिन शनिवार, 24 अक्टूबर को भी चरम पर दिखाई दिया। 22 अक्टूबर को पहले दिन हुए प्रदर्शन के बाद शनिवार को भी अस्सी घाट से लेकर चौकी घाट तक गंगा के विभिन्न घाटों पर बड़ी संख्या में लोग जुटे।
आसमान में वायुसेना के विमानों की गर्जना सुनाई देते ही घाटों पर मौजूद लोगों ने ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष और तालियों के साथ जवानों के साहस तथा विमानों के हैरतअंगेज करतबों का स्वागत किया।
गंगा की लहरों के ऊपर आसमान में विमानों की कलाबाजियां (Varanasi Air Show) देख दर्शक रोमांचित हो उठे। परिवार के साथ पहुंचे लोगों, युवाओं और बच्चों में विशेष उत्साह दिखाई दिया। कई लोग मोबाइल से प्रदर्शन के दृश्य अपने कैमरों में कैद करते रहे। घाटों की सीढ़ियों से लेकर खुले स्थानों तक लोगों की मौजूदगी ने पूरे गंगातट को उत्सव जैसा माहौल दे दिया। वायुसेना के प्रदर्शन के दौरान लोगों के चेहरों पर गर्व और खुशी साफ नजर आई।
Varanasi Air Show: भीषण धूप के सामने उत्साह भारी
शनिवार को तेज धूप और गर्मी के बावजूद दर्शकों का उत्साह कम नहीं हुआ। धूप से बचने के लिए किसी ने सिर पर गमछा रखा तो किसी ने अखबार और कपड़े का सहारा लिया। इसके बावजूद लोग अपनी जगह पर डटे रहे और विमानों के करतब देखने का इंतजार करते रहे। जैसे ही विमान (Varanasi Air Show) आसमान में अलग-अलग आकृतियां बनाते और तेजी से गुजरते दिखाई दिए, घाटों पर मौजूद दर्शकों की तालियां गूंज उठीं।
गंगा के दोनों ओर से दिखाई देने वाले इस हवाई प्रदर्शन ने काशी के लोगों के साथ बाहर से आए पर्यटकों को भी आकर्षित किया। घाटों पर मौजूद लोगों के लिए यह केवल मनोरंजन का अवसर नहीं, बल्कि देश की सैन्य क्षमता, वायुसेना के अनुशासन और भारतीय तकनीक का प्रदर्शन देखने का मौका भी रहा।
गंगा और भारतीय वायुसेना के शौर्य का संगम
काशी में आयोजित हवाई प्रदर्शन (Varanasi Air Show) का आकर्षण गंगा की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पृष्ठभूमि के बीच आधुनिक सैन्य विमानों की उड़ान रही। विमानों की गर्जना, आसमान में उनकी तेज गति और सधे हुए करतबों ने दर्शकों को रोमांचित किया। लोगों ने तालियां बजाकर वायुसेना के जवानों का उत्साह बढ़ाया। घाटों पर मौजूद भीड़ के बीच लगातार ‘हर-हर महादेव’ के उद्घोष सुनाई देते रहे।
ये भी पढ़ें: मुक्तिधाम में पीएम मोदी की तस्वीर रखने वालों की तलाश तेज, साइबर सेल भी जुटी
हवाई प्रदर्शन ने काशी के गंगातट को देशभक्ति और उत्साह के रंग में रंग दिया। तेज धूप के बावजूद दर्शकों (Varanasi Air Show) का अपनी जगह पर बने रहना इस आयोजन के प्रति लोगों की दिलचस्पी को दर्शाता रहा।

