काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के सर सुंदरलाल अस्पताल परिसर में गुरुवार सुबह एक महिला की मौत का मामला सामने आया। सोनभद्र से अपने नवजात बेटे का इलाज कराने आई 27 वर्षीय निक्की का शव अस्पताल के बाल रोग विभाग के पास ऑक्सीजन प्लांट के नजदीक फंदे से लटका मिला। सूचना मिलने पर लंका थाना पुलिस और BHU चौकी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
महिला का नवजात बेटा अस्पताल के NICU में भर्ती है। परिजनों के मुताबिक, बच्चे की गंभीर हालत के कारण डॉक्टर उसे डिस्चार्ज नहीं कर रहे थे। इसी बात को लेकर महिला परेशान थी। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों का पता पुलिस जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही चल सकेगा।
सोनभद्र से इलाज के लिए BHU आई थी निक्की
मिली जानकारी के अनुसार, निक्की सोनभद्र जिले के अनपरा क्षेत्र के धनवाहा गांव की रहने वाली थी। तबीयत बिगड़ने पर उसे लोढ़ी अस्पताल से BHU रेफर किया गया था। परिजनों के मुताबिक, 28 अक्टूबर को BHU अस्पताल में उसने बेटे को जन्म दिया।
जन्म के समय नवजात की हालत गंभीर थी। इसके चलते डॉक्टरों ने उसे बाल रोग विभाग के नवजात गहन चिकित्सा कक्ष (NICU) में भर्ती कर इलाज शुरू किया था। बच्चा NICU के बेड नंबर पांच पर भर्ती बताया गया है।
बच्चे को घर ले जाना चाहती थी महिला
मृतका की सास मनसिया के अनुसार, चार नवंबर की रात निक्की अपने नवजात बेटे को घर ले जाने की बात कह रही थी। लेकिन बच्चे की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे अस्पताल से छुट्टी देने से मना कर दिया था। परिजनों का कहना है कि इस वजह से निक्की मानसिक तनाव में थी।
परिवार के मुताबिक, बुधवार रात करीब 10 बजे सभी ने साथ खाना खाया था। इसके कुछ समय बाद निक्की वार्ड से अचानक गायब हो गई। पति रामविलास और सास ने रातभर अस्पताल परिसर (BHU) में उसकी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला।
सुबह सुरक्षा गार्ड ने दी सूचना
गुरुवार सुबह बाल रोग विभाग (BHU) में तैनात सुरक्षा गार्ड ने ऑक्सीजन प्लांट के पास महिला का शव देखा। उसने तत्काल अस्पताल प्रशासन और परिजनों को इसकी जानकारी दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस और फॉरेंसिक टीम
BHU चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए।
ये भी पढ़ें:- बांके बिहारी के दर्शन का बदलेगा समय, एक घंटे देर से जागेंगे ठाकुरजी
लंका पुलिस के अनुसार, परिजनों और मृतका की सास के बयान दर्ज किए गए हैं। अस्पताल परिसर और ऑक्सीजन प्लांट के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़े सभी तथ्य स्पष्ट हो सकेंगे।

