Sonbhadra: बभनी थाना क्षेत्र के घसिया टोला में बुधवार को सवारियों से भरी बस और ट्रक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बस चालक समेत दर्जनों यात्री घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस चालक केबिन में फंस गया। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बभनी पहुंचाया।
सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल बस चालक गौरी खान और एक महिला यात्री को जिला अस्पताल (Sonbhadra) रेफर कर दिया गया। हादसे की सूचना मिलते ही घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। इससे अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी और चीख-पुकार का माहौल बन गया।
केबिन में फंसे चालक को ग्रामीणों ने निकाला
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, बस और ट्रक की टक्कर के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में कई यात्रियों को चोटें आईं, जबकि बस चालक गौरी खान केबिन में फंस गए। मौके पर जुटे ग्रामीणों ने उन्हें बाहर निकालने में मदद की।
पुलिस और ग्रामीणों ने घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी बभनी पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया। बस चालक गौरी खान पुत्र गनी खान निवासी चपकी और गंभीर रूप से घायल एक महिला की हालत देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल भेजा गया।
Sonbhadra: सीएचसी में स्ट्रेचर की कमी पर उठे सवाल
हादसे के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बभनी की व्यवस्थाओं को लेकर भी सवाल खड़े हुए। आरोप है कि अस्पताल में कई चिकित्सकों की तैनाती होने के बावजूद मौके पर केवल एक चिकित्सक मौजूद था।
वहीं, घायलों को अस्पताल के अंदर ले जाने के लिए स्ट्रेचर उपलब्ध नहीं होने की बात भी सामने आई। ऐसे में परिजन कुछ घायलों को गोद में उठाकर अस्पताल (sonbhadra) के अंदर ले जाते दिखाई दिए। घटना के बाद स्वास्थ्य केंद्र की आपातकालीन सुविधाओं और संसाधनों को लेकर चर्चा शुरू हो गई।
इन घायलों की हुई पहचान
हादसे में घायल लोगों (sonbhadra) की पहचान रमेश पुत्र सूरजमणि (50), निवासी रजखड़, दुद्धी; खुशबू पत्नी चंद्रिका प्रसाद (36), निवासी बीजपुर; रूप कुमारी (40), निवासी महरीकला; नीलेश ठाकुर और जगदीश ठाकुर, निवासी बरती; अंजू सेठ (23), निवासी बीजपुर; मनोहर कुमार (35), निवासी बरवा टोला; आशा (19), निवासी सेंदुर; पानपती (70) और मोनी देवी (40), निवासी भंवर; दादूलाल (65), निवासी किरविल; रामप्रवेश प्रजापति (35), निवासी चाचीकला; रामअवतार (50), निवासी कोटा; रामकेश (55), निवासी काचन और सरोज देवी पत्नी सुशील केशरी (57), निवासी चपकी के रूप में हुई है। बस चालक गौरी खान भी हादसे में घायल हुए हैं।
प्रभारी निरीक्षक अरविंद सरोज ने बताया कि हादसे में घायल बस चालक समेत सभी लोगों को प्राथमिक उपचार दिलाया गया है। गंभीर रूप से घायल बस चालक और एक महिला को जिला अस्पताल (Sonbhadra) रेफर किया गया है। उन्होंने बताया कि टक्कर मारने वाले ट्रक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
