Sonbhadra: डाला बाजार में शुक्रवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने लोगों को दहला दिया। वाराणसी-शक्तिनगर राजमार्ग पर इंडियन बैंक के सामने सड़क क्रॉसिंग के दौरान कार और टीपर की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि कुछ ही देर में दोनों वाहनों में आग लग गई और देखते ही देखते दोनों वाहन आग के गोले में तब्दील होकर जलकर खाक हो गए। हादसे में कार सवार तीन युवक घायल हो गए। गनीमत रही कि आग विकराल रूप धारण करती, उससे पहले स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए तीनों युवकों को कार से बाहर निकाल लिया, जिससे उनकी जान बच गई।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार की सुबह करीब पांच बजे राबर्ट्सगंज (Sonbhadra) की ओर से रेणुकूट जा रही कार की सड़क पार कर रहे टीपर से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग भड़क उठी। इस दौरान मौके पर मौजूद बाजार निवासी लखराज, लल्लन और इलियास ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए कार में फंसे युवकों को बाहर निकाला।

तीन लोग हुए घायल
घायलों की पहचान 23 वर्षीय हिमांशु सिंह 18 वर्षीय सत्यार्थ सिंह और 20 वर्षीय अविनाश सिंह के रूप में हुई। स्थानीय लोगों की तत्परता से तीनों युवकों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। इसके बाद मौके से गुजर रहे राहगीरों और वाहन चालकों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन भेजा। वहीं, (Sonbhadra) अल्ट्राटेक सीमेंट कंपनी से दमकल वाहन बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार और टीपर पूरी तरह जलकर राख हो चुके थे।
सड़क क्रॉसिंग पर सुरक्षा इंतजाम नदारद, हादसों को न्योता दे रही व्यवस्था
सोनभद्र (Sonbhadra) हादसे के बाद एक बार फिर डाला बाजार स्थित इंडियन बैंक के सामने सड़क क्रॉसिंग की सुरक्षा व्यवस्था सवालों के घेरे में आ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्रॉसिंग से नगर पंचायत कार्यालय, नई बस्ती समेत आसपास के क्षेत्रों में जाने वाले लोगों का दिन-रात आवागमन होता है। इसके बावजूद यहां न तो स्पीड ब्रेकर बनाया गया है और न ही वाहन चालकों को सतर्क करने के लिए कोई सांकेतिक चिह्न लगाया गया है। ऐसे में तेज रफ्तार वाहनों के बीच सड़क पार करना जोखिम भरा बना हुआ है।

ये भी पढ़े:- सीएससी आईडी के जरिए लाखों की साइबर ठगी का खुलासा
बाजारवासियों का कहना है कि उक्त स्थल (Sonbhadra) पर आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है, लेकिन जिम्मेदार विभागों की ओर से अब तक कोई ठोस सुरक्षा इंतजाम नहीं किया गया। शुक्रवार की घटना ने इस लापरवाही की गंभीरता को फिर उजागर कर दिया। लोगों ने जिलाधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराते हुए राजमार्ग के दोनों तरफ पर्याप्त दूरी पर स्पीड ब्रेकर, चेतावनी बोर्ड और आवश्यक सड़क सुरक्षा संकेतक लगवाने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।

