Sonbhadra: जनसेवा केंद्रों की सीएससी (कॉमन सर्विस सेंटर) आईडी का दुरुपयोग कर साइबर ठगी करने वाले गिरोह का सोनभद्र साइबर क्राइम पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि ये लोग निष्क्रिय सीएससी आईडी को दोबारा सक्रिय कराने के नाम पर केंद्र संचालकों से यूजर आईडी और पासवर्ड हासिल करते थे। इसके बाद पासवर्ड बदलकर आईडी साइबर अपराधियों को उपलब्ध करा देते थे।
मंगलवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में अपर पुलिस अधीक्षक मेविस टॉक ने गिरफ्तार आरोपियों को मीडिया के सामने पेश किया। पुलिस ने उनके कब्जे से दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और एक पल्सर बाइक बरामद की है। एएसपी के मुताबिक, यह कार्रवाई साइबर क्राइम थाना सोनभद्र में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 13/2026 की जांच के दौरान की गई। मामले में बीएनएस की धारा 318(4) और आईटी एक्ट की धारा 66डी के तहत कार्रवाई की गई है।
Sonbhadra: निष्क्रिय आईडी सक्रिय कराने के बहाने हासिल करते थे पासवर्ड
पुलिस जांच के अनुसार, जनसेवा केंद्रों से जुड़े कार्यों में संविदा पर नियुक्त आशीष कुमार पाण्डेय कथित तौर पर निष्क्रिय सीएससी आईडी को दोबारा चालू कराने के नाम पर संचालकों से उनकी यूजर आईडी और पासवर्ड हासिल करता था। इसके बाद पासवर्ड बदलकर संबंधित आईडी साइबर अपराध (Sonbhadra) में शामिल लोगों को उपलब्ध करा दी जाती थी।
जांच में यह भी सामने आया कि अन्य लोगों के दस्तावेजों का कथित दुरुपयोग कर उनके नाम से नई सीएससी आईडी बनवाई जाती थीं। उनका सत्यापन कराकर उन्हें सक्रिय किया जाता और फिर साइबर अपराधियों (Sonbhadra) को सौंप दिया जाता था। इस तरह वास्तविक जनसेवा केंद्रों की आईडी और फर्जी दस्तावेजों से तैयार आईडी के जरिए साइबर ठगी का नेटवर्क संचालित किए जाने का आरोप है।
कई लोगों के दस्तावेजों का हुआ कथित दुरुपयोग
जांच के दौरान सुकृत निवासी विशाल पटेल पुत्र अवधेश पटेल का मामला भी सामने आया। पुलिस के मुताबिक, विशाल ने बैंक खाता खुलवाने के उद्देश्य से जनसेवा केंद्र पर अपने दस्तावेज दिए थे। आरोप है कि उन्हीं दस्तावेजों का दुरुपयोग कर उनके नाम से सीएससी आईडी (Sonbhadra) बनाई गई और उसका सत्यापन कराया गया। संबंधित स्थान पर पहले से ओम कम्प्यूटर, सुकृत संचालित था।
इसके अलावा सुशील कुमार नामक छात्र के नाम पर भी सीएससी आईडी बनाए जाने और उसके साइबर धोखाधड़ी में इस्तेमाल होने की बात सामने आई है। वहीं, ओबरा थाना क्षेत्र के कन्हरा निवासी रमेश कुमार गुर्जर और सविता पत्नी रूपनाथ प्रजापति के जनसेवा केंद्रों के माध्यम से भी ऑपरेटर आईडी बनाकर ठगी किए जाने की बात पुलिस जांच में सामने आई है।
गुजरात पुलिस ने पीड़ित विशाल पटेल को किया था गिरफ्तार
इस मामले का एक गंभीर पहलू यह भी है कि कथित तौर पर दस्तावेजों (Sonbhadra) के दुरुपयोग का खामियाजा विशाल पटेल को भुगतना पड़ा। पुलिस के अनुसार, विशाल ने बताया कि उनकी जानकारी और सहमति के बिना उनके नाम से बनी सीएससी आईडी का आपराधिक गतिविधियों में इस्तेमाल किया गया।
इस मामले में गुजरात पुलिस ने विशाल पटेल को गिरफ्तार कर लिया था। बाद में उन्हें जमानत करानी पड़ी। विशाल की शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर सोनभद्र साइबर क्राइम पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ाई। पूछताछ और जांच में संलिप्तता सामने आने के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
मिर्जापुर और वाराणसी के रहने वाले हैं गिरफ्तार आरोपी
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशीष कुमार पाण्डेय पुत्र सुखनन्दन पाण्डेय, निवासी उस्मानपुर, थाना चुनार, जनपद मिर्जापुर और अभय कुमार गौंड पुत्र शंकर प्रसाद गौंड, निवासी नवापुरा, थाना सारनाथ, जनपद वाराणसी के रूप में हुई है।
आरोपियों के पास से दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और एक पल्सर बाइक बरामद की गई है।
