बंगला नंबर 61 के पास वन विभाग ने लगाया था पिंजरा, रविवार रात हुआ कैद; टीम ने संभाला मोर्चा
Varanasi: कैंट क्षेत्र के छावनी स्थित पुराने चर्च के पास वन विभाग की ओर से लगाए गए पिंजरे में रविवार रात तेंदुआ कैद हो गया। सोमवार सुबह बंगला नंबर 61 निवासी पॉल जेनिया की सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने पिंजरे में तेंदुए को सुरक्षित कैद पाया। तेंदुए के पकड़े जाने की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। वहीं, कई दिनों से दहशत में रह रहे स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।
जानकारी के अनुसार, छावनी क्षेत्र (Varanasi) में काफी दिनों से तेंदुए की मौजूदगी की चर्चा थी। वन्यजीव की चहलकदमी से स्थानीय निवासियों में भय का माहौल बना हुआ था। इसके मद्देनजर वन विभाग ने सेंट मैरी स्कूल, बंगला नंबर 61 और पुराने चर्च के पास पिंजरे लगाए थे। तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरे में बकरी भी रखी गई थी, जो उसके कैद होने के बाद गायब मिली।

Varanasi:तेंदुए को सुरक्षित स्थान पर छोड़ने के लिए आदेश
वन विभाग की ड्यूटी टीम के अनुसार, सोमवार सुबह बंगला नंबर 61(Varanasi) के पास तेंदुए के पिंजरे में कैद होने की पुष्टि हुई। इसके बाद टीम ने निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के तहत आगे की कार्रवाई शुरू की। तेंदुए को सुरक्षित स्थान पर छोड़ने के लिए उच्चाधिकारियों के दिशा-निर्देश और आदेश के अनुसार आवश्यक प्रक्रिया की जा रही है। इस दौरान आम जनता और वन्यजीव दोनों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।

ये भी पढ़े:- डोसे की दुकान पर युवतिओं ने मचाया तांडव, दुकानदार पर फेका बर्नर
गौरतलब है कि घटनास्थल से करीब 100 मीटर की दूरी पर JHV (Varanasi) मॉल और पिक्चर हॉल स्थित हैं, जबकि 500 मीटर के दायरे में जिलाधिकारी और पुलिस कमिश्नर समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों के आवास हैं। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में अन्य तेंदुओं की मौजूदगी की आशंका भी जताई है। तेंदुए के पकड़े जाने से छावनी क्षेत्र के निवासियों और सुबह टहलने निकलने वाले लोगों ने राहत की सांस ली है।
