चार पीपों पर तैयार होगा लेजर शो का सेटअप, घाट पर लाइट-साउंड लगाने का काम शुरू; 24 नवंबर को काशी की पौराणिक और सांस्कृतिक गाथा दिखेगी
Varanasi: देव दीपावली पर काशी के घाटों को भव्य रूप से सजाने के साथ ही आकर्षक लेजर शो की तैयारियां भी तेज हो गई हैं। चेत सिंह घाट पर इस बार विशेष लेजर और प्रोजेक्शन शो आयोजित करने की तैयारी है। इसके लिए घाट पर युद्ध स्तर पर काम शुरू कर दिया गया है। लाइट और साउंड सिस्टम लगाने के साथ ही लेजर शो के तकनीकी उपकरणों को व्यवस्थित किया जा रहा है। घाट पर कार्यक्रम स्थल को सुरक्षित रखने के लिए बैरिकेडिंग भी शुरू कर दी गई है।
चेत सिंह घाट (Varanasi) के पास लेजर शो का सेटअप तैयार करने के लिए चार बड़े पीपे लाए गए हैं। इन्हीं पीपों पर लेजर शो से संबंधित उपकरण और तकनीकी व्यवस्था स्थापित की जाएगी। घाट की संरचना और आसपास के वातावरण को ध्यान में रखते हुए प्रकाश, ध्वनि और प्रक्षेपण की व्यवस्था की जा रही है, ताकि देव दीपावली की शाम यहां पहुंचने वाले पर्यटकों को भव्य दृश्य देखने को मिल सके। कार्यक्रम की तैयारियों को देखते हुए घाट पर आवाजाही और आयोजन स्थल को व्यवस्थित करने का काम भी शुरू हो गया है।

Varanasi: धार्मिक परंपराओं को आधुनिक तकनीक के माध्यम से दर्शाया जायेगा
24 नवंबर को देव दीपावली (Varanasi) के अवसर पर चेत सिंह घाट पर विशेष लेजर और प्रोजेक्शन शो प्रस्तावित है। शाम 7:20 बजे से 7:45 बजे तक करीब 25 मिनट की इस प्रस्तुति में काशी (Varanasi) की उत्पत्ति, पौराणिक मान्यताओं, धार्मिक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को आधुनिक तकनीक के माध्यम से दर्शाया जाएगा। घाट की स्थापत्य संरचना को पर्दे के रूप में इस्तेमाल करते हुए प्रकाश और चित्रों के जरिए काशी की ऐतिहासिक गाथा जीवंत करने की तैयारी है।

इस बार गंगा (Varanasi) पार रेती से भी पर्यटकों को लेजर शो देखने की सुविधा देने की योजना है। इसके अलावा देव दीपावली पर ड्रोन शो और हरित आतिशबाजी जैसे कार्यक्रम भी प्रस्तावित हैं। गंगा के दोनों किनारों से रोशनी, लेजर और अन्य प्रस्तुतियों को देखने के लिए पर्यटकों के जुटने की संभावना है।

ये भी पढ़े:- वंदे भारत में छूटा विदेशी नागरिक का बैग, 2.11 लाख भारतीय रुपये समेत विदेशी मुद्रा सुरक्षित लौटाई
देव दीपावली पर लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों के काशी (Varanasi) पहुंचने की संभावना को देखते हुए घाटों पर सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और आवागमन की व्यवस्था को भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। चेत सिंह घाट पर शुरू हुई तैयारियां इस बात का संकेत हैं कि इस बार देव दीपावली पर पारंपरिक दीपोत्सव के साथ आधुनिक तकनीक का संगम देखने को मिलेगा।
