निकाय चुनाव में भाजपा ने झोंकी ताकत
- 25 हजार कार्यकर्ताओं को सौंपी जा रही जिम्मेदारी
- पार्टी ने किया चुनाव संचालन समिति का गठन
वाराणसी। निकाय चुनाव की आहट को देखते हुए भाजपा ने मोर्चेबंदी शुरू कर दी है। पार्टी की ओर से नगर निगम सीमा में आने वाले क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी जा रही है। जिसके लिए 25 हजार कार्यकाताओं की सूची तैयार कर सभी को विधानसभा, वार्डों और बूथवार तैनात किया गया है। संगठन को मजबूती प्रदान करने के लिए पार्टी ने चुनाव संचालन समिति का गठन किया है।
निगम सीमा में शामिल नए गांवों और शहरी क्षेत्रों में आने वाले वार्डों में निर्धारित मतदान केंद्रों पर बूथों की सूची बनाकर पार्टी की ओर से कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी जा रही है। इन कार्यकर्ताओं को भाजपा की ओर से महानगर स्तर के पदाधिकारियों की एक कमेटी तैयार कर बाकायदा चुनाव संबंधी प्रशिक्षण दिया जा रहा है। पार्टी द्वारा जमीनी मजबूती के लिए महानगर से लेकर विधानसभा और वार्ड स्तर पर चुनाव संचालन समिति बनाई गई है। जिसमें पूर्व और परिवर्तित बूथों में संयोजक और प्रभारियों को नियुक्त किया जा रहा है। जो बूथ के आधार पर शामिल नए मतदाता सूची का अध्ययन कर आगमी निकाय चुनाव में दम खम से लगेंगे। भाजपा के वाराणसी नगर निकाय के संयोजक जगदीश त्रिपाठी ने बताया कि पार्टी की ओर से सौंपी गई जिम्मेदारी के तहत कार्य किया जा रहा है। चुनाव में 25 हजार कार्यकर्ताओं को लगाया जाएगा। जिसकी सूची तैयार करने के बाद उन्हें जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। इसमें विधानसभा और वार्ड स्थित पर पदाधिकारियों को नियुक्त कर रहे हैं।
सीमा विस्तार से बढ़ी चुनौती
निगम सीमा में शामिल किए गए 10 वार्ड पहले ग्रामीण आंचल और नगर पालिका क्षेत्र में रहे हैं। जिसमें पार्टी को नए सीरे से कार्य करना पड़ रहा है। शामिल नए क्षेत्र में तय किए परिसीमन के आधार पर बांटे गए बूथों पर प्रचार प्रसार का कार्य करना चुनौती के तौर पर देखा जा रहा है।