Varanasi: शहर दक्षिणी से सात बार भाजपा के विधायक रहे श्यामदेव राय चौधरी के समाजवादी पार्टी (सपा) में शामिल होने की अटकलें जोर पकड़ रही हैं। इस खबर ने राजनीतिक गलियारों और सोशल मीडिया में हलचल मचा दी है।
जानकारी के अनुसार, श्यामदेव राय चौधरी से नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने उनके गोदौलिया स्थित आवास पर मुलाकात की, जहां दोनों नेताओं ने गर्मजोशी से एक-दूसरे का स्वागत किया। बताया जा रहा है कि इस मुलाकात के दौरान करीब आधे घंटे तक विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। नेता प्रतिपक्ष के साथ पूर्व मंत्री ओम प्रकाश सिंह भी मौजूद थे।
Varanasi: आधिकारिक रूप से फ़िलहाल कोई बयान नहीं आया सामने
हालांकि, इस बातचीत के बारे में आधिकारिक रूप से कुछ भी स्पष्ट नहीं हुआ है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि लोकसभा चुनाव के परिणामों के बाद से श्यामदेव राय चौधरी भाजपा में गुटबाजी से असंतुष्ट चल रहे हैं, और इसी कारण उनकी सपा से नजदीकियां बढ़ रही हैं। इस मामले पर भाजपा के किसी नेता ने अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है, जबकि कुछ नेताओं ने इसे लोकतंत्र की खूबसूरती का हिस्सा माना है।