Varanasi: गुवाहाटी के महापौर मृगेन सैरानिया के नेतृत्व में 74 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल का वाराणसी नगर निगम द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया। प्रतिनिधिमंडल में गुवाहाटी के उप महापौर और 60 पार्षद शामिल थे। वाराणसी नगर निगम के संयुक्त नगर आयुक्त कृष्ण चन्द्र के साथ इस प्रतिनिधिमंडल ने वाराणसी नगर में चल रहे विकास कार्यों और परियोजनाओं का निरीक्षण किया।
प्रतिनिधिमंडल ने सबसे पहले गोइठहा में बने 120 MLD एसटीपी प्लांट का निरीक्षण किया, जहां परियोजना प्रबंधक सहरोज दोस्त ने उन्हें परियोजना की जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने रमना स्थित वेस्ट टू चारकोल और C&D वेस्ट प्लांट का दौरा किया। सिगरा स्थित कंट्रोल कमांड सेंटर “त्रिनेत्र भवन” का भी अवलोकन किया गया।

नगर निगम के सभागार में वाराणसी के महापौर अशोक कुमार तिवारी ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया। उन्होंने गुवाहाटी के महापौर और उप महापौर को पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्रम और प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया। गुवाहाटी के महापौर ने भी वाराणसी के महापौर और उपसभापति को प्रतीक चिन्ह और अंगवस्त्रम देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर वाराणसी नगर निगम द्वारा शहर के स्वच्छता सर्वेक्षण से संबंधित कार्यों का पीपीटी के माध्यम से प्रस्तुतिकरण किया गया। डाक्यूमेंट मैनेजर श्रीमती प्रीति सिंह ने इस प्रस्तुति को विस्तार से समझाया। गुवाहाटी के महापौर ने अपने शहर में जनप्रतिनिधियों के सहयोग से हो रहे विकास कार्यों की जानकारी साझा की। इस कार्यक्रम का संचालन उपसभापति नरसिंह दास ने किया।
इस सम्मान समारोह में भाजपा के जिला अध्यक्ष विद्यासागर राय, अपर नगर आयुक्त दुष्यन्त कुमार मौर्य, मुख्य अभियंता मोइनुद्दीन, सहायक नगर आयुक्त मनोज कुमार तिवारी, अधिशासी अभियंता अजय कुमार सक्सेना सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
Comments 1