बकरीद के अवसर पर 28 मई को BHU के अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर की ओपीडी सेवाएं बंद रहेंगी। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से इस संबंध में संशोधित आदेश जारी कर दिया गया है। आदेश जारी होने के बाद छात्रों, मरीजों और कर्मचारियों को नई अवकाश तिथि की जानकारी दे दी गई है।
विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा जारी सूचना के अनुसार, पहले अवकाश सूची में 27 मई को बकरीद की छुट्टी अंकित की गई थी, लेकिन बाद में त्योहार की तिथि में बदलाव होने के कारण अब 28 मई को अवकाश घोषित किया गया है। इसके तहत BHU के अधिकांश विभागों और कार्यालयों में अवकाश रहेगा।
BHU संकाय या विभाग की परीक्षा पूर्व निर्धारित
हालांकि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अगर 28 मई को किसी संकाय या विभाग की परीक्षा (BHU) पूर्व निर्धारित है तो वह अपने तय समय और कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित की जाएगी। परीक्षाओं में किसी प्रकार का परिवर्तन नहीं किया गया है।
इसके अलावा अस्पताल से जुड़ी आवश्यक और आपातकालीन सेवाएं पूर्व की भांति संचालित होती रहेंगी। इमरजेंसी सेवाएं, भर्ती मरीजों का उपचार और अन्य जरूरी स्वास्थ्य सेवाओं के लिए संबंधित विभाग खुले रहेंगे ताकि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
BHU प्रशासन ने छात्रों, कर्मचारियों और मरीजों से अपील की है कि वे संशोधित अवकाश आदेश को ध्यान में रखते हुए अपने कार्यों की योजना बनाएं। अस्पताल प्रशासन ने भी मरीजों को सलाह दी है कि ओपीडी से संबंधित कार्य 28 मई से पहले या बाद में निपटा लें।
