Varanasi: चौबेपुर थाना क्षेत्र के लूठा खुर्द गांव में गुरुवार सुबह मामूली कहासुनी देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई। लाठी-डंडों से हुई मारपीट के बीच पिस्टल से फायरिंग कर दी गई, जिसमें एक वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखा कारतूस बरामद कर तीन आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के अनुसार गुरुवार सुबह रितेश गुप्ता अपने छोटे भाई के साथ मिट्टी ढोने का कार्य कर रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विपक्षी पक्ष के लोगों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में रितेश के छोटे भाई के हाथ में गंभीर चोट आई, जबकि बीच-बचाव में पहुंची गर्भवती युवती भी घायल हो गई। उसका उपचार एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
बीच-बचाव करने पहुंचे वृद्ध को लगी गोली
घायल पक्ष की बहू संजू गुप्ता ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान जब उनके पति दिलीप गुप्ता और ससुर लल्लू गुप्ता बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपी अरुण पांडे पिस्टल लेकर आ गया। आरोप है कि उसने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिसमें एक गोली लल्लू गुप्ता को जा लगी। गोली लगते ही वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। फायरिंग की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर जुटने लगे,जिसके बाद आरोपी फरार हो गए।
परिजन घायल वृद्ध को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरपतपुर (Varanasi) ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।
मौके से मिले दो खोखा कारतूस
घटना (Varanasi) की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कुमार सोनकर उपनिरीक्षक राजेंद्र प्रसाद राजेंद्र यादव और शिव प्रकाश वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दो खोखा कारतूस बरामद किए। बरामद खोखों को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार दिलीप गुप्ता की तहरीर पर गांव के अनिरुद्ध पांडे, अरुण पांडे और आयुष पांडे के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 302/2026 दर्ज किया गया है। आरोप है कि तीनों ने रितेश गुप्ता के साथ मारपीट की और विरोध करने पर अरुण पांडे ने पिस्टल से फायरिंग कर दी।
Varanasi: जांच में जुटी पुलिस
वही मौके पर पहुंचे डीसीपी वरुणा जोन प्रमोद कुमार एडिशनल सीपी लिपि नाग्याच ने पीड़िता के परिवार वालों से पूछताछ कर गहनता से जानकारी ली। एसीपी सारनाथ विदुष सक्सेना ने बताया कि मामले में धारा 109(1), 115(2) एवं 352 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज (Varanasi) कर लिया गया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है, शीघ्र ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी पुलिस घटना के हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है।
संजू गुप्ता ने बताया, मेरा छोटा बेटा अपने बड़े भाई के साथ मिट्टी ढो रहा था। तभी विपक्षी पक्ष के लोगों ने बिना किसी कारण मेरे दोनों बेटों और गर्भवती बेटी के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। जब मेरे पति और ससुर बचाने पहुंचे तो पिस्टल से गोली चला दी गई, जिससे मेरे ससुर गंभीर रूप (Varanasi) से घायल हो गए।

