Sonbhadra: मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन शुद्धि के तहत चोपन पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 1 क्विंटल 340 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई है। तस्करी में प्रयुक्त मारुति सुजुकी ब्रेजा, तीन मोबाइल फोन और 1,210 रुपये नकद भी बरामद किए गए। वाहन समेत कुल बरामदगी की अनुमानित कीमत करीब 62 लाख रुपये आंकी गई है।
चुर्क स्थित पुलिस लाइन सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल ने बताया कि 21 सितंबर को चोपन पुलिस प्रीतनगर क्षेत्र (Sonbhadra) में संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एसओजी टीम को सूचना मिली कि हाथीनाला टोल प्लाजा की ओर से एक संदिग्ध ब्रेजा वाहन डाला और राबर्ट्सगंज की तरफ जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बग्घानाला पुल के पास और डाला क्षेत्र में घेराबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी।
इसी बीच संदिग्ध वाहन के ओबरा जाने वाले पुल की सर्विस लेन(Sonbhadra) पर आने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर करीब 4:25 बजे ब्रेजा वाहन को रोक लिया। वाहन में चालक समेत तीन लोग सवार थे। पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की और वाहन की तलाशी ली।
चार बोरों में मिले 93 पैकेट
तलाशी के दौरान वाहन की आगे और पिछली सीट के बीच खाली स्थान तथा डिग्गी में रखे चार बोरों से 93 पैकेट बरामद हुए। जांच करने पर पैकेटों में कुल 1 क्विंटल 340 ग्राम गांजा पाया गया। पुलिस ने गांजा, वाहन, मोबाइल फोन और नकदी कब्जे में लेते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
(Sonbhadra) पुलिस के मुताबिक मामले में थाना चोपन पर मुकदमा अपराध संख्या 370/2026 के तहत धारा 8/20/27ए/29/60 एनडीपीएस एक्ट में अभियोग पंजीकृत किया गया है। तस्करी में प्रयुक्त वाहन को धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया गया है।
ओडिशा से गांजा मंगवाकर अम्बिकापुर में कराया था लोड
पूछताछ में आरोपियों ने (Sonbhadra) पुलिस को बताया कि गांजा ओडिशा से मंगवाया गया था और अम्बिकापुर में वाहन में लोड कराया गया। इसके बाद इसे सोनभद्र के रास्ते मीरजापुर के संतनगर थाना क्षेत्र के नवढ़िया निवासी एक व्यक्ति को देने के लिए ले जाया जा रहा था। पुलिस के अनुसार गांजा खरीदने के लिए एक व्यक्ति ने आरोपियों से संपर्क किया था तथा अलग-अलग तारीखों में फोन-पे के माध्यम से रकम भी भेजी गई थी।
पुलिस के अनुसार तस्करी में शामिल लोगों के बीच मोबाइल फोन और ऑनलाइन माध्यम से संपर्क तथा धनराशि के लेन-देन के साक्ष्य मिले हैं। बरामद मोबाइल फोन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गांजा तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। पूछताछ में सामने आए अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी पुलिस गहनता से जांच कर रही है।
(Sonbhadra) से इनकी हुई गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में मुकुन्द यादव (24) पुत्र सकेलन यादव निवासी ग्राम सिहार धार, थाना लैलूंगा, जनपद रायगढ़, छत्तीसगढ़, रोहित सिदार (23) पुत्र घनश्याम सिदार निवासी ग्राम सिहार धार, थाना लैलूंगा, जनपद रायगढ़, छत्तीसगढ़ तथा आशीष मौर्या (19) पुत्र लालता प्रसाद मौर्या निवासी ग्राम महुगढ़, थाना हलिया, जनपद मीरजापुर शामिल हैं।
ये भी पढ़े : वाराणसी में फटा गैस सिलेंडर, तेज धमाके से इलाकें में दहशत
कार्रवाई करने वाली टीम में थाना चोपन के प्रभारी निरीक्षक गोपाल जी गुप्ता, वरिष्ठ उपनिरीक्षक मनोज कुमार सिंह, डाला चौकी प्रभारी घनश्याम तिवारी समेत पुलिसकर्मी तथा एसओजी प्रभारी निरीक्षक रामस्वरूप वर्मा के नेतृत्व में एसओजी टीम शामिल रही।
