Varanasi: दालमंडी क्षेत्र में प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण परियोजना को लेकर नगर निगम और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस योजना के तहत कुल 186 भवनों को चिन्हित किया गया है, जिनके स्वामियों को लगभग 191 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाएगा। हालांकि, नगर निगम ने स्पष्ट कर दिया है कि जिन भवन स्वामियों पर गृहकर या अन्य करों का बकाया है, उन्हें पहले टैक्स चुकाना होगा, तभी उन्हें मुआवजा का भुगतान किया जाएगा।
Varanasi: नगर निगम ने अपनाया सख्त रुख
सूत्रों के अनुसार, शासन ने इस परियोजना (Varanasi) के लिए कुल 295 करोड़ 88 लाख 44 हजार रुपये की राशि जारी कर दी है। नगर निगम प्रशासन ने पीडब्ल्यूडी को पत्र भेजकर 184 भवनों की सूची सौंपी है, जिन पर टैक्स बकाया है। निगम ने सिफारिश की है कि कर निपटान के बाद ही उन भवन स्वामियों को मुआवजा दिया जाए।
योजना के मुताबिक, दालमंडी से होकर गुजरने वाली सड़क को 650 मीटर लंबा और 40 फीट चौड़ा बनाया जाएगा। इसके अलावा सड़क के दोनों ओर 15-15 फीट चौड़ी पटरी का निर्माण भी प्रस्तावित है। इस परियोजना से क्षेत्र की यातायात समस्या को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
प्रशासनिक स्तर पर मुआवजा वितरण प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने की कवायद चल रही है। इसके लिए प्रभावित भवन और दुकान मालिकों से संपर्क साधकर आवश्यक दस्तावेज मांगे जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण पूरा होने के बाद दालमंडी क्षेत्र (Varanasi) में आवागमन आसान होगा और व्यापारिक गतिविधियों को भी नया आयाम मिलेगा।

