Varanasi: उमरहाँ स्थित स्वर्वेद महामंदिर के सामने बना फुटओवर ब्रिज महज छह सात महीने में ही जर्जर हो गया है। विकास के दावों के बीच पुल की खराब हालत अब गंभीर सवाल खड़े कर रही है।पुल की सतह से पत्थर उखड़ रहे हैं और कई जगह दरारें साफ नजर आ रही हैं। राहगीरों का कहना है कि पुल पर चलते समय कंपन और अजीब आवाजें महसूस होती हैं, जिससे डर का माहौल बना हुआ है। बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे सबसे ज्यादा असहज महसूस कर रहे हैं, नेशनल हाइवे का कट बंद होने के बाद इस पुल (Varanasi) पर स्थानीय लोगों का आवागमन काफी बढ़ गया है।
Varanasi: पुल पर चलते ही कंपन
पहले जहां लोग सीधे सड़क पार कर लेते थे, अब उन्हें मजबूरी में इसी पुल का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे खतरा और गहरा गया है। स्वर्वेद महामंदिर (Varanasi) में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं, लेकिन पुल की खराब स्थिति के कारण कई लोग जोखिम उठाकर सड़क पार करने को मजबूर हैं। इसी बीच पुरनपट्टी के श्रद्धालु राहुल पाण्डेय ने कहा, हम रोज मंदिर आते हैं, लेकिन अब पुल पार करते समय डर लगता है। कई जगह पत्थर उखड़ गए हैं और चलने में दिक्कत होती है। वहीं, श्रद्धालु गाजीपुर के अमित यादव ने बताया,पुल पर चलते ही कंपन महसूस होता है।
बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह बहुत खतरनाक है, प्रशासन को तुरंत ध्यान देना चाहिए।स्थानीय लोग में सुनील यादव, अमित सेठ दीपू ने निर्माण में भ्रष्टाचार और घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि कुछ ही महीनों में पुल का इस हालत में पहुंचना गंभीर लापरवाही का नतीजा है।

