नाविकों को लाइफ जैकेट पहनकर नाव संचालन करने की हिदायत, चेतसिंह घाट पर लेजर शो की तैयारियों का किया निरीक्षण
Varanasi: देव दीपावली पर लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों के काशी पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था तेज कर दी है। पर्व को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन के अधिकारी लगातार क्षेत्र में उतरकर तैयारियों का जायजा ले रहे हैं। घाटों, गंगा में नौका संचालन और प्रमुख आयोजन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
इसी क्रम में एसीपी भेलूपुर (Varanasi) गौरव कुमार और भेलूपुर थानाध्यक्ष दिगंबर उपाध्याय ने अस्सी घाट से हरिश्चंद्र घाट तक नाव से गश्त की। गंगा में भ्रमण के दौरान अधिकारियों ने नाविकों से बातचीत कर देव दीपावली के दिन सुरक्षा मानकों का पालन करने की हिदायत दी। नाविकों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि बिना लाइफ जैकेट के नाव का संचालन न करें और पर्यटकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए निर्धारित क्षमता के अनुसार ही नाव में सवारियां बैठाएं।
नियमों का पालन करने पर जोर
अधिकारियों ने गंगा (Varanasi) में नौका संचालन के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने, भीड़ के बीच नावों को नियंत्रित ढंग से चलाने और सुरक्षा नियमों का पालन करने पर जोर दिया। देव दीपावली के दिन गंगा में नावों और बजड़ों की बड़ी संख्या में आवाजाही होने की संभावना है, ऐसे में दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस की ओर से नाविकों को पहले से सतर्क किया जा रहा है।
पुलिस प्रशासन अलर्ट
गश्त के दौरान पुलिस अधिकारियों ने चेतसिंह घाट (Varanasi) पर चल रहे लेजर शो की तैयारियों का भी जायजा लिया। आयोजन स्थल पर व्यवस्थाओं को देखा और सुरक्षा के दृष्टिकोण से जरूरी जानकारी ली। देव दीपावली पर घाटों और आसपास के क्षेत्रों में भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा, निगरानी और भीड़ नियंत्रण को लेकर अपनी सक्रियता बढ़ा दी है।
ये भी पढ़े:- 51 हजार दीप, 21 कुंतल फूल और अनूप जलोटा की स्वरांजलि
देव दीपावली के मद्देनजर घाटों पर (Varanasi) पुलिस की निगरानी बढ़ाई जा रही है। अधिकारियों का उद्देश्य श्रद्धालुओं, पर्यटकों, नाविकों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है, ताकि दीपोत्सव के दौरान काशी आने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े और आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
