ज्ञानदीप एकेडमी की चौथी मंजिल से कूदकर 12 वर्षीय छात्रा की मौत का मामला, पिता की तहरीर पर शिक्षक और वार्डेन के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की प्राथमिकी दर्ज
Varanasi: लंका थाना क्षेत्र के शिवप्रसाद गुप्त कॉलोनी स्थित ज्ञानदीप एकेडमी के हॉस्टल में 12 वर्षीय छात्रा की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। हॉस्टल के कमरे से मिले सुसाइड नोट में छात्रा ने शिक्षक और वार्डेन पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पिता की तहरीर और सुसाइड नोट में लगाए गए आरोपों के आधार पर पुलिस ने शिक्षक शैलेंद्र कुमार यादव और वार्डेन प्रीति मिश्रा के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
बिहार के गोपालगंज जिले के बैजलहां गोपालपुर निवासी स्नेहा मिश्रा (12) विद्यालय के हॉस्टल में रहकर कक्षा सात में पढ़ती थी। बृहस्पतिवार सुबह करीब पांच बजे उसने (Varanasi) हॉस्टल की चौथी मंजिल से छलांग लगा दी। नीचे गिरने के बाद निजी सुरक्षाकर्मी की नजर छात्रा पर पड़ी। उसने तत्काल स्कूल प्रबंधन को सूचना दी। छात्रा को बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
सुसाइड नोट में प्रताड़ना से परेशान होने की बात
पुलिस को (Varanasi) हॉस्टल के कमरे से मिले सुसाइड नोट में छात्रा ने शिक्षक शैलेंद्र कुमार यादव और वार्डेन प्रीति मिश्रा पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। नोट में दोनों की कथित प्रताड़ना से परेशान होने, मानसिक उलझन और हॉस्टल में नहीं रह पाने की बात लिखी गई है। छात्रा ने अपने भाई और परिवार से कई बार हॉस्टल में नहीं रहने की इच्छा भी जताई थी, लेकिन उसकी बात नहीं सुनी गई।
पिता बोले- स्कूल जाने की बात पर सहम जाती थी बेटी
छात्रा के पिता तारकेश्वर मिश्रा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि स्नेहा ने करीब छह महीने पहले ही विद्यालय में दाखिला लिया था। वह (Varanasi) हॉस्टल की चौथी मंजिल पर तीन अन्य छात्राओं के साथ रहती थी। छठ पूजा के बाद मंगलवार को ही बिहार स्थित घर से हॉस्टल लौटी थी। घर पर बेटी सामान्य थी, लेकिन स्कूल जाने की बात कहने पर वह सहम जाती थी। मां से विद्यालय में प्रताड़ित किए जाने की शिकायत भी करती थी।

पिता जयपुर में रहकर काम करते हैं, जबकि मां बिहार में रहती हैं। स्नेहा का छोटा भाई भी विद्यालय की चितईपुर (Varanasi) शाखा में कक्षा छह में पढ़ता है। घटना की सूचना मिलने पर परिजन (Varanasi) पहुंचे। पिता ने शिक्षक और वार्डेन को बेटी की मौत के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
मां ने स्कूल प्रबंधन पर सूचना नहीं देने का आरोप लगाया
छात्रा की मां के मुताबिक, 19 नवंबर की सुबह करीब छह बजे हॉस्टल की वार्डेन ने फोन कर बेटी की तबीयत खराब होने और ट्रॉमा सेंटर (Varanasi) में भर्ती होने की सूचना दी थी। जब वह अस्पताल पहुंचीं तो बेटी की मौत हो चुकी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि विद्यालय प्रबंधन की ओर से बेटी की मौत की जानकारी नहीं दी गई। मां ने पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना पर डीसीपी (Varanasi) काशी जोन गौरव बंशवाल, एडीसीपी काशी, एसीपी भेलूपुर और लंका थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने हॉस्टल में छात्राओं से पूछताछ की और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। देर रात तक पोस्टमार्टम नहीं हो सका था।
ये भी पढ़े:- अस्सी, तुलसी और गंगा महल घाट पर देवोत्थान एकादशी की धूम
डीसीपी (Varanasi) काशी जोन गौरव बंशवाल ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पिता की तहरीर पर शिक्षक और वार्डेन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। सुसाइड नोट में लगाए गए आरोपों की जांच की जाएगी और दोनों आरोपियों से पूछताछ होगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। विद्यालय प्रबंधन का पक्ष नहीं मिल सका है।

