Varanasi: लंका थाना क्षेत्र के रविदास मंदिर के पीछे स्थित हरिजन बस्ती में सोमवार को बारिश के कारण एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय मकान के अंदर मौजूद परिवार के चार सदस्य मलबे में दबकर घायल हो गए। हादसे में एक बकरी और एक कुत्ते की भी दबने से मौत हो गई। घटना के बाद बस्ती में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने किसी तरह मलबा हटाकर घायलों को बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

बताया गया कि हादसा शाम करीब पांच बजे हुआ। कच्चा मकान लगातार बारिश के कारण कमजोर हो गया था। अचानक मकान का एक हिस्सा भरभराकर नीचे आ गिरा। इसकी चपेट में परिवार (Varanasi) के मुखिया रामजी राम (लगभग 60 वर्ष), उनकी पत्नी निर्मला देवी (लगभग 55 वर्ष), पुत्र मदन कुमार (लगभग 30 वर्ष) और करीब 18 वर्षीय पुत्री आ गईं। हादसे में पति-पत्नी को अधिक चोटें आने के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि पुत्र और पुत्री का प्राथमिक उपचार घर पर ही कराया जा रहा है।
परिवार के लोगों के मुताबिक रामजी राम और उनका पुत्र मदन कुमार राजगीर-मिस्त्री का काम करके परिवार का भरण-पोषण करते हैं। निर्मला देवी गृहिणी हैं, जबकि उनकी पुत्री भी घर पर ही रहती है। अचानक मकान गिरने से परिवार (Varanasi) के सामने अब रहने और रोजमर्रा की जरूरतों को लेकर भी संकट खड़ा हो गया है।
आवास योजना को लेकर उठे सवाल
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने सरकारी आवास योजना को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि परिवार की ओर से पक्के मकान के लिए कई बार आवेदन किया गया था, लेकिन इसके बावजूद उन्हें आवास का लाभ नहीं मिल सका। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि अधिकारियों को कथित रूप से घूस नहीं देने के कारण आवास का आवेदन फेल कर दिया गया।

हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते परिवार को आवास योजना का लाभ मिल जाता तो संभवत: उन्हें ऐसे जर्जर कच्चे मकान में रहने के लिए मजबूर नहीं होना पड़ता।
स्थानीय निवासी बहादुर यादव और अमन यादव ने बताया कि बस्ती में अभी भी कई ऐसे कच्चे मकान हैं, जिनके लिए लोगों ने आवास योजना के तहत आवेदन किया है, लेकिन उन्हें अब तक पक्का आवास नहीं मिल सका है। बारिश के मौसम में इन मकानों में रहने वाले परिवारों को हर समय हादसे का डर बना रहता है।
Varanasi: सूचना पर पहुंचे लेखपाल
घटना की सूचना मिलने के बाद राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। लेखपाल कुंदन सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मकान के गिरने और परिवार को हुए नुकसान की जानकारी ली। मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई थी। लोगों ने प्रशासन (Varanasi) से पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के साथ-साथ रहने के लिए सुरक्षित आवास की व्यवस्था कराने की मांग की है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान क्षेत्र में मौजूद जर्जर और कच्चे मकानों का प्रशासन (Varanasi) को सर्वे कराना चाहिए, ताकि किसी बड़े हादसे से पहले कमजोर मकानों में रहने वाले परिवारों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जा सके। साथ ही जिन पात्र परिवारों ने आवास योजना के लिए आवेदन किया है, उनके मामलों की निष्पक्ष जांच कर पात्र लोगों को जल्द से जल्द आवास उपलब्ध कराने की मांग भी की गई है।
यह भी पढ़ें:- बनकटी हनुमान मंदिर के गर्भगृह में घुसा नाले का गंदा पानी, श्रद्धालुओं में आक्रोश
हादसे ने एक बार फिर बारिश के दौरान शहर (Varanasi) की गरीब बस्तियों में रहने वाले परिवारों की सुरक्षा और सरकारी आवास योजनाओं के क्रियान्वयन पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
