Sonbhadra: राबर्ट्सगंज जिला मुख्यालय समेत अन्य शहरी इलाकों में पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था नहीं होने के बावजूद नो पार्किंग में खड़े वाहनों का लगातार चालान किए जाने से वाहन मालिकों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। लोगों का कहना है कि शहर में खरीदारी, बैंक, मेडिकल/अस्पताल और अन्य जरूरी कामों के लिए आने वाले लोगों के लिए वाहन खड़ा करने की समुचित व्यवस्था नहीं है। ऐसे में मजबूरी में सड़क किनारे वाहन खड़ा करने पर यातायात पुलिस की कार्रवाई का सामना करना पड़ रहा है।
Sonbhadra: पार्किंग की होनी चाहिए वैकल्पिक व्यवस्था
वाहन मालिकों का आरोप है कि यातायात पुलिस द्वारा लगातार चालान किए जा रहे हैं, लेकिन शहर (Sonbhadra) में पार्किंग की समस्या का स्थायी समाधान कराने की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं दिखाई दे रही है।लोगों का कहना है कि यदि किसी स्थान पर वाहन खड़ा करना प्रतिबंधित है तो उसके आसपास वैकल्पिक पार्किंग की व्यवस्था भी होनी चाहिए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर (Sonbhadra) में पहले पार्किंग स्थल विकसित किए जाएं, इसके बाद नो पार्किंग में खड़े वाहनों पर कार्रवाई की जाए।लोगों में यह सवाल भी चर्चा का विषय बना हुआ है कि जब शहर में वाहन खड़ा करने के लिए पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था ही नहीं है तो लोग अपने वाहन आखिर कहां खड़े करें? क्या वाहन सिर पर रखकर चलें?
ये भी पढ़े:- 20 सितंबर को सोनार समाज का महासमागम, जुटेंगे हजारों प्रतिनिधि
वाहन मालिकों ने नगर पालिका और यातायात विभाग से शहर (Sonbhadra) में व्यवस्थित पार्किंग स्थल चिन्हित कर विकसित कराने तथा तब तक वाहन चालकों को राहत देने की मांग की है।लोगों का कहना है कि यातायात व्यवस्था बनाए रखना जरूरी है, लेकिन इसके साथ आम वाहन मालिकों की सुविधा का भी ध्यान रखा जाना चाहिए।

