प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर Kashi और गुजरात के वडनगर से शुरू हुई ‘सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ का समापन 7 अक्टूबर को होगा। वडनगर से काशी पहुंचने वाले सेवा यात्रियों का केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह स्वागत करेंगे। इसके बाद सेवा यात्रियों के साथ श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में दर्शन-पूजन और जलाभिषेक का कार्यक्रम प्रस्तावित है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक समेत कई नेता शामिल होंगे।
यात्रा के Kashi पहुंचने को लेकर भाजपा संगठन और जिला प्रशासन की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। जिले की सीमा में प्रवेश के बाद बाइक सवार सेवा यात्रियों के स्वागत के लिए विभिन्न स्थानों पर स्वागत पॉइंट बनाए जाएंगे। इन स्थानों पर राज्यमंत्री और विधायकों की तैनाती की योजना है। स्वागत की अगुवाई मंत्री और विधायक करेंगे।
सेवा यात्रियों को निर्धारित स्थानों पर ठहराने के बाद उन्हें श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर ले जाया जाएगा। गुजरात से आने वाले यात्री अपने साथ नदियों का जल लेकर आएंगे, जिसका बाबा विश्वनाथ के जलाभिषेक में इस्तेमाल किया जाएगा। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक तथा भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. हेमांग जोशी की मौजूदगी भी प्रस्तावित है।
फॉरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय का उद्घाटन
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के Kashi दौरे के दौरान जाल्हूपुर स्थित राष्ट्रीय फॉरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय के उद्घाटन का कार्यक्रम भी प्रस्तावित बताया जा रहा है। इसके लिए तैयारियां पहले से चल रही हैं। हालांकि, उद्घाटन कार्यक्रम की अंतिम पुष्टि कार्यक्रम तय होने के बाद होगी।
काशी और वडनगर से रवाना हुई थीं यात्राएं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर को काशी और वडनगर से दो ‘सेवा संकल्प बाइक यात्राएं’ रवाना हुई थीं। Kashi में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 250 बाइक पर सवार 500 युवाओं की यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था।
वहीं, वडनगर से वाराणसी आने वाली यात्रा को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल समेत अन्य नेताओं की मौजूदगी में रवाना किया गया था। दोनों दिशाओं में चल रही यात्राओं का समापन 7 अक्टूबर को अपने-अपने गंतव्य पर होना निर्धारित है।
10 राज्यों के 193 जिलों से होकर गुजरेगी यात्रा
Kashi से वडनगर जाने वाली सेवा संकल्प बाइक यात्रा के रूट में 10 राज्यों के 193 जिले, 773 तहसील और 1,159 गांव शामिल हैं। यात्रा के दौरान स्वच्छता, पौधरोपण और जल संरक्षण समेत विभिन्न सेवा गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
ये भी पढ़ें:- BHU में चीफ प्रॉक्टर और एबीवीपी कार्यकर्ताओं में बहस
वडनगर से Kashi आने वाली यात्रा के दौरान भी विभिन्न सेवा गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। दोनों दिशाओं से चल रही यात्राएं 7 अक्टूबर को अपने निर्धारित गंतव्य तक पहुंचेंगी।

