Varanasi: पुलिस ने लंबे समय से जब्त 558 किलो अफीम का नियमानुसार निस्तारण कराया। इसकी अनुमानित कीमत करीब 10.80 करोड़ रुपये बताई गई है। यह अफीम वर्ष 2012 में जैतपुरा थाना पुलिस ने एक मुकदमे के दौरान बरामद की थी। जब्त मादक पदार्थ को नष्ट कराने के लिए पुलिस टीम गाजीपुर स्थित केंद्रीय अफीम एवं क्षारोद कारखाने पहुंची, जहां निर्धारित प्रक्रिया के तहत इसका निस्तारण कराया गया।
एसीपी चेतगंज शुभम सिंह ने बताया कि यूपी पुलिस के ऑपरेशन दहन के तहत लंबे समय से विभिन्न मुकदमों में जब्त मादक पदार्थों के नियमानुसार निस्तारण की कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में जैतपुरा थाना प्रभारी उपेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम (Varanasi) जब्त अफीम लेकर गाजीपुर पहुंची।
558 किलो निकला कुल वजन
केंद्रीय अफीम एवं क्षारोद कारखाने पहुंचने के बाद जब्त अफीम के सभी पैकेट का नियमानुसार वजन कराया गया। पुलिस (Varanasi) के मुताबिक सभी पैकेट का कुल वजन 558 किलो पाया गया। इसकी अनुमानित कीमत करीब 10.80 करोड़ रुपये आंकी गई है।
Varanasi: 2012 से सुरक्षित रखी गई थी अफीम
पुलिस के अनुसार, वर्ष 2012 में एक मुकदमे के दौरान बरामद की गई अफीम को संबंधित कानूनी प्रक्रिया के तहत सुरक्षित रखा गया था। लंबे समय तक सुरक्षित रखे जाने के बाद अब निर्धारित प्रक्रिया पूरी कर इसका निस्तारण कराया गया।
ड्रग डिस्पोजल कमेटी की निगरानी में निस्तारण
जब्त अफीम को ड्रग डिस्पोजल कमेटी की निगरानी में केंद्रीय अफीम एवं क्षारोद कारखाने में जमा कराया गया। सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद अफीम का नियमानुसार निस्तारण किया गया। कार्रवाई पूरी होने के बाद पुलिस टीम गाजीपुर से वाराणसी (Varanasi) लौट आई।
ये भी पढ़ें:- Asian Games 2026 में वाराणसी के लाल का कमाल
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ऑपरेशन दहन के तहत विभिन्न मुकदमों में जब्त मादक पदार्थों के नियमानुसार निस्तारण की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
