BHU स्थित केंद्रीय कार्यालय पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के छात्रों का अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन चौथे दिन भी जारी रहा। आंदोलन के चौथे दिन छात्रों ने धरना स्थल पर भगवान श्रीराम के चित्र पर माल्यार्पण कर सुंदरकांड का पाठ किया। छात्रों ने कहा कि उनकी मांगों के लिखित रूप से स्वीकार होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

अभाविप के छात्र पिछले चार दिनों से केंद्रीय कार्यालय के बाहर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं। छात्रों की प्रमुख मांगों में BHU विश्वविद्यालय के चीफ प्रॉक्टर और प्रोक्टोरियल बोर्ड को हटाना तथा छात्रों से जुड़े मामलों में उनकी भूमिका की जांच करना शामिल है। इससे पहले बिरला छात्रावास के बाहर भी छात्रों ने धरना देकर चीफ प्रॉक्टर प्रो. संदीप पोखरिया पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए उन्हें पद से हटाने की मांग की थी।
BHU छात्रों की ओर से की गई मांगें
BHU छात्रों की ओर से सुरक्षा व्यवस्था में सुधार, विश्वविद्यालय परिसर में बाहरी लोगों के प्रवेश पर प्रभावी रोक, संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे और स्ट्रीट लाइट लगाने, मधुबन पार्क में निगरानी बढ़ाने तथा नशाखोरी पर रोक लगाने की मांग उठाई गई है। इसके अलावा परिसर की खाद्य दुकानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने और निर्धारित दर सूची प्रदर्शित करने तथा सुरक्षाकर्मियों की सेवा एवं वेतन संबंधी असमानताओं को दूर करने की मांग भी शामिल है।

छात्रों ने 12 सितंबर को प्रेक्षागृह आवंटन से जुड़े मामले की निष्पक्ष जांच की मांग भी रखी है। साथ ही छात्रों के खिलाफ दर्ज मुकदमों और की गई दंडात्मक कार्रवाई तथा छात्रावास से डिबार करने जैसे मामलों की निष्पक्ष समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई है।
ये भी पढ़ें:- शुरू हुई 240 साल पुरानी विश्वप्रसिद्ध रामनगर की रामलीला
धरने के दौरान छात्रों ने सुंदरकांड का पाठ कर विश्वविद्यालय प्रशासन (BHU) से उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की अपील की। छात्रों का कहना है कि आंदोलन शांतिपूर्ण तरीके से जारी रहेगा और मांगें पूरी होने तक धरना समाप्त नहीं किया जाएगा।

