Varanasi: कैंट थाना क्षेत्र स्थित एक नामचीन पांच सितारा होटल में 1.71 करोड़ रुपये से अधिक के कथित गबन का मामला सामने आया है। होटल प्रबंधन की शिकायत पर कैंट थाने में महाप्रबंधक (GM) समेत चार वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। प्रबंधन का आरोप है कि लंबे समय से होटल के दैनिक कैश और बैंक में जमा रकम के हिसाब में अंतर मिल रहा था। मामले की जांच के बाद कथित वित्तीय अनियमितता सामने आई।
होटल प्रबंधन (Varanasi) की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने जिन चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है, उनमें संदीप पटियाल, तत्कालीन महाप्रबंधक (GM), अनुपम सिंह, वित्त प्रबंधक, कौशल किशोर सिंह, कैशियर और प्रदीप कुमार तिवारी, HR प्रमुख शामिल हैं।
प्रबंधन के मुताबिक, चारों को सेवामुक्त किया जा चुका है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि घटना सामने आने के बाद चारों फरार हैं। इन आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
CA ऑडिट में सामने आया कैश का अंतर
होटल निदेशक के सलाहकार तरुण कुमार दीक्षित की ओर से दी गई तहरीर के मुताबिक, होटल के दैनिक कैश और बैंक में जमा रकम के मिलान में काफी समय से अंतर सामने आ रहा था।
संदेह होने पर चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) से कैश और संबंधित रिकॉर्ड की जांच कराई गई। शिकायत के अनुसार, 31 मार्च 2026 तक रिकॉर्ड में कैश की रकम 2,06,72,991 रुपये होनी चाहिए थी, जबकि मौके पर करीब 55 लाख रुपये ही मिले। इस तरह दोनों के बीच 1,51,72,991 रुपये का अंतर पाया गया।
वहीं, 1 अप्रैल से 8 सितंबर 2026 तक के रिकॉर्ड में 25,85,000 रुपये के सापेक्ष मौके पर 5,91,979 रुपये मिले। इस अवधि में 19,93,021 रुपये का अंतर बताया गया। प्रबंधन (Varanasi) के मुताबिक, दोनों अवधियों को मिलाकर कुल 1,71,65,962 रुपये की कथित वित्तीय अनियमितता सामने आई।
Varanasi: सॉफ्टवेयर में खराबी का दिया गया था हवाला
तहरीर के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपियों की ओर से हिसाब में गड़बड़ी के लिए सॉफ्टवेयर में तकनीकी खराबी का हवाला दिया गया। इसके बाद संबंधित सॉफ्टवेयर कंपनी के प्रतिनिधि ने जून में आकर सिस्टम की जांच की। प्रबंधन का दावा है कि जांच में सॉफ्टवेयर पूरी तरह ठीक पाया गया, जिसके बाद तकनीकी खराबी संबंधी दावे पर सवाल खड़े हुए।
होटल प्रबंधन (Varanasi) ने आरोप लगाया है कि कड़ाई से पूछताछ किए जाने पर फाइनेंस मैनेजर अनुपम सिंह और कैशियर कौशल किशोर सिंह ने धमकी दी। शिकायत के अनुसार, इसके कुछ दिनों बाद दोनों कथित तौर पर फरार हो गए और ई-मेल के जरिए अपना इस्तीफा भेज दिया।
ये भी पढ़ें:- कैंसर की दवाओं की कीमत ने तोड़ी मरीजों की कमर
मामले में कैंट थाना पुलिस ने होटल प्रबंधन की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपों की जांच, दस्तावेजों और कैश रिकॉर्ड का मिलान करने के साथ ही नामजद आरोपियों (Varanasi) की भूमिका की पड़ताल कर रही है।

