मिट्टी से उकेरी भीम की आकृति पर मूली, लौकी और बैंगन चढ़ाकर किया पूजन, भगवान विष्णु के जागने के साथ शुरू होंगे मांगलिक कार्य
Varanasi: काशी के प्रमुख अस्सी घाट, तुलसी घाट और गंगा महल घाट पर शुक्रवार को देवोत्थान एकादशी श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई। सुबह से ही घाटों पर महिलाओं की भीड़ जुटी रही। श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई और स्नान के बाद दान-पुण्य कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। घाटों पर मिट्टी से भीम की आकृति उकेरकर उस पर मूली, लौकी, बैंगन सहित मौसमी सब्जियां चढ़ाई गईं। वहीं महिलाओं ने माता तुलसी का विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर आरती उतारी और भगवान विष्णु के जागरण की मंगलकामना की।
घाट पर बातचीत के दौरान बटुक महाराज ने बताया कि देवोत्थान एकादशी पर महिलाओं ने सुबह गंगा (Varanasi) स्नान करने के बाद तुलसी माता का पूजन किया। तुलसी विवाह की परंपरा निभाई गई और घाटों पर मिट्टी से भीम का चित्र बनाकर उस पर मौसमी सब्जियां चढ़ाई गईं। मूली, लौकी और बैंगन अर्पित कर श्रद्धालुओं ने पूजन किया। महिलाओं ने दीप जलाकर माता तुलसी की आरती उतारी और धार्मिक अनुष्ठान पूरे किए। कई परिवारों में घरों के आंगन में स्थापित तुलसी के पौधे का भी विशेष शृंगार कर पूजा की गई।

चार माह बाद जागते हैं भगवान विष्णु
देवोत्थान एकादशी (Varanasi) को देवउठनी, देवोत्थानी और हरि प्रबोधिनी एकादशी भी कहा जाता है। यह कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी को मनाई जाती है। धार्मिक मान्यता है कि आषाढ़ शुक्ल एकादशी को भगवान विष्णु क्षीरसागर में योगनिद्रा में चले जाते हैं और चार माह बाद कार्तिक शुक्ल एकादशी को जागते हैं। इसी के साथ चातुर्मास समाप्त होता है। भगवान विष्णु के जागरण के प्रतीक के रूप में घरों और मंदिरों में पूजा, भजन, दीपदान तथा तुलसी विवाह का आयोजन किया जाता है।
चातुर्मास के दौरान विवाह, गृह प्रवेश, मुंडन और अन्य मांगलिक कार्यों पर परंपरागत रूप से विराम रहता है। देवोत्थान एकादशी (Varanasi) के बाद शुभ कार्यों की शुरुआत मानी जाती है। इसी कारण इस पर्व को विवाह के मौसम के आगमन और नई शुरुआत का प्रतीक भी माना जाता है।

तुलसी विवाह और कन्यादान के समान पुण्य की मान्यता
देवोत्थान एकादशी (Varanasi) पर माता तुलसी और भगवान शालिग्राम के विवाह की परंपरा विशेष महत्व रखती है। तुलसी को भगवान विष्णु की प्रिय माना गया है, जबकि शालिग्राम भगवान विष्णु का स्वरूप हैं। घरों में तुलसी के पौधे को दुल्हन की तरह सजाया जाता है। गन्ने से मंडप तैयार कर चुनरी, फूल, रोली, अक्षत, दीप और मिठाई से विवाह की रस्में पूरी की जाती हैं। विवाह के दौरान मंगल गीत गाए जाते हैं और आरती के बाद प्रसाद वितरित किया जाता है।

धार्मिक मान्यता है कि तुलसी विवाह कराने से कन्यादान के समान पुण्य प्राप्त होता है। इससे घर में सुख, शांति, समृद्धि और वैवाहिक जीवन में मंगल बना रहता है। महिलाएं परिवार के सदस्यों की खुशहाली, संतान की उन्नति और मनोकामना पूर्ति के लिए (Varanasi) तुलसी पूजन करती हैं।
गंगा स्नान और दान-पुण्य का महत्व
एकादशी पर गंगा स्नान (Varanasi) को पुण्यकारी माना गया है। श्रद्धालु सूर्योदय के समय गंगा में स्नान कर भगवान विष्णु का स्मरण करते हैं। इसके बाद जरूरतमंदों, साधु-संतों और ब्राह्मणों को अन्न, वस्त्र, फल, सब्जियां, गुड़, दक्षिणा आदि दान करने की परंपरा है। मान्यता है कि इस दिन श्रद्धा से किया गया दान व्यक्ति को पुण्य प्रदान करता है और दूसरों की जरूरत पूरी करने का अवसर भी देता है।

ये भी पढ़े:- ब्रेक फेल होने पर डिवाइडर पर चढ़ा हाईवा
काशी के घाटों (Varanasi) पर देवोत्थान एकादशी का आयोजन धार्मिक परंपरा के साथ लोक संस्कृति का भी सुंदर रूप दिखाई देता है। मिट्टी की आकृतियां, मौसमी सब्जियों का अर्पण, तुलसी पूजन, गंगा स्नान और मंगल गीतों के बीच महिलाओं ने भगवान विष्णु के जागरण का स्वागत किया। देवोत्थान एकादशी के साथ ही काशी में विवाह, गृह प्रवेश और अन्य मांगलिक आयोजनों की तैयारियां भी शुरू हो गई हैं।

