वाराणसी। काशी के खेल इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। बुधवार, 18 नवंबर को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के चेयरमैन जय शाह और BCCI उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने वाराणसी के गंजारी स्थित निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का निरीक्षण किया।
ICC निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने स्टेडियम के निर्माण कार्य, क्रिकेट पिच, खिलाड़ियों की सुविधाओं और आगामी मुकाबलों की तैयारियों का जायजा लिया। स्टेडियम में निर्माण कार्य लगभग अंतिम चरण में है।
महादेव की थीम पर बना अनोखा स्टेडियम
करीब 450 करोड़ रुपये की कुल परियोजना लागत से तैयार हो रहे इस स्टेडियम को भगवान शिव की थीम पर डिजाइन किया गया है।
इसकी प्रमुख विशेषताएं:
▪️ लगभग 30 हजार दर्शकों के बैठने की क्षमता।
▪️ त्रिशूल के आकार की छह विशाल फ्लडलाइट टावर।
▪️ डमरू की आकृति वाला मीडिया सेंटर और पवेलियन।
▪️ काशी के घाटों से प्रेरित दर्शक दीर्घा।
▪️ अर्धचंद्राकार छत और बेलपत्र से प्रेरित बाहरी डिजाइन।
▪️ मुख्य मैदान में नौ क्रिकेट पिच और अभ्यास के लिए पांच अतिरिक्त पिच।

बारिश भी नहीं रोक पाएगी क्रिकेट का रोमांच!
इस ICC स्टेडियम की सबसे खास तकनीकी विशेषताओं में आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम शामिल है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, यहां 100 मिलीमीटर तक बारिश का पानी लगभग 20 से 25 मिनट में निकालने की क्षमता विकसित की गई है। इससे बारिश के बाद मैच दोबारा शुरू करने में लगने वाला समय कम हो सकता है।
ICC: 2 दिसंबर पर निगाहें, PM मोदी कर सकते हैं उद्घाटन
गंजारी स्टेडियम के उद्घाटन के लिए 2 दिसंबर 2026 की तारीख को लेकर तैयारियां और चर्चाएं चल रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों उद्घाटन की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, उद्घाटन की तारीख पर आधिकारिक अंतिम पुष्टि का इंतजार है।

इस ICC स्टेडियम की आधारशिला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 23 सितंबर 2023 को रखी थी। अब इसके शुरू होने से पूर्वांचल के क्रिकेट प्रेमियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।
पूर्वांचल के खिलाड़ियों के लिए खुलेंगे नए अवसर
गंजारी स्टेडियम केवल क्रिकेट मैचों का मैदान नहीं होगा, बल्कि पूर्वांचल के युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच भी उपलब्ध करा सकता है।

ये भी पढ़े:- देव दीपावली की तैयारी में जुटा प्रशासन, घाटों पर रंग-रोगन और सजावट तेज
काशी ICC की पहचान अब केवल मंदिरों और घाटों तक सीमित नहीं रहेगी, क्रिकेट के मैदान पर भी दुनिया महादेव की नगरी का नाम देखेगी!
