टोटो से परिवार के साथ जा रही थी महिला, काली पल्सर पर सवार दो बदमाशों ने झपट्टा मारकर छीनी करीब पांच ग्राम की सोने की चेन, पुलिस कमांड सेंटर पहुंचकर खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज
Varanasi: धर्म और अध्यात्म की नगरी काशी में दर्शन-पूजन करने आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। बेखौफ बदमाशों ने सोमवार देर शाम टोटो से परिवार के साथ जा रही गुजरात की एक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए। घटना एसीपी कार्यालय से कुछ दूरी पर इस्कॉन मंदिर के पास हुई। काली पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार दो बदमाशों ने अचानक महिला को निशाना बनाया और वारदात को अंजाम देकर भाग निकले। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
मोटरसाइकिल पर बैठे बदमाश ने मारा झपट्टा
जानकारी के अनुसार गुजरात की रहने वाली सुष्मिता सोमवार देर शाम अपने परिवार के साथ टोटो से अपने (Varanasi) गंतव्य की ओर जा रही थीं। परिवार काशी में दर्शन-पूजन के लिए आया हुआ था। टोटो जैसे ही एसीपी कार्यालय से थोड़ा आगे इस्कॉन मंदिर के पास पहुंचा, तभी पीछे से काली पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार दो बदमाश आए। इससे पहले कि टोटो में सवार लोग कुछ समझ पाते, मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे बदमाश ने झपट्टा मारकर महिला के गले से सोने की चेन नोच ली। इसके बाद दोनों बदमाश तेजी से मौके से फरार हो गए।
सोने की चेन छीनकर ले गए बदमाश
अचानक हुई इस घटना से महिला और उसके परिवार के लोग घबरा गए। महिला ने तत्काल इसकी सूचना (Varanasi) पुलिस को दी। कंट्रोल रूम के माध्यम से घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। मौके पर पहुंचे दुर्गाकुंड चौकी प्रभारी संदीप कुमार सिंह ने पीड़िता से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। महिला ने बताया कि उसके गले में अन्य आभूषण भी थे, लेकिन बदमाश करीब पांच ग्राम वजन की एक सोने की चेन छीनकर ले गए।
वारदात के बाद चौकी प्रभारी पुलिस कमांड सेंटर पहुंचे और (Varanasi) आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के माध्यम से बदमाशों की पहचान करने में जुट गए। पुलिस काली पल्सर मोटरसाइकिल और उस पर सवार दोनों आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। आसपास के रास्तों पर लगे कैमरों की फुटेज खंगालकर बदमाशों के भागने की दिशा का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
ये भी पढ़े:- सेंट जॉन्स स्कूल लेढूपुर में “कला और विज्ञान” प्रदर्शनी का भव्य आयोजन, बच्चों की रचनात्मकता ने जीता दिल
गौरतलब है कि (Varanasi) काशी में प्रतिदिन देश के अलग-अलग राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में प्रमुख धार्मिक स्थलों और उनके आसपास के मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था बेहद महत्वपूर्ण है। एसीपी कार्यालय के नजदीक हुई इस घटना ने पुलिस की गश्त और राहगीरों व श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़कों पर सक्रिय झपटमारों के खिलाफ सख्ती जरूरी है, ताकि बाहर से आने वाले श्रद्धालु बिना किसी भय के काशी में दर्शन-पूजन कर सकें।
