बार-बार विवाद और गाली-गलौज के बाद पुलिस चौकी लाई गई थी महिला, समझाने के दौरान फिर किया हमला; निरोधात्मक कार्रवाई के बाद परिजनों को सौंपा
वाराणसी। लंका थाना क्षेत्र स्थित BHU ट्रामा सेंटर में एक महिला ने जमकर हंगामा किया। महिला पर ट्रामा सेंटर के सुरक्षाकर्मियों के साथ गाली-गलौज, अभद्र व्यवहार और छीना-झपटी करने का आरोप है। बार-बार समझाने के बावजूद महिला का हंगामा नहीं थमा तो उसे नगवां पुलिस चौकी लाया गया। यहां भी महिला ने कथित तौर पर पुलिसकर्मियों और सुरक्षा कर्मियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव के दौरान उपनिरीक्षक स्वामिल सिंह और ट्रामा सेंटर के एक सुरक्षा कर्मी को चोटें आईं। इसके बाद पुलिस ने घायल पुलिसकर्मी और सुरक्षा कर्मी का चिकित्सकीय परीक्षण कराया। महिला को भी चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेजा गया।
पुलिस के अनुसार, महिला की पहचान जूली पुत्री इन्द्र, निवासी टिकरी, थाना चितईपुर, वाराणसी के रूप में हुई है। बताया गया कि महिला BHU ट्रामा सेंटर में मौजूद सुरक्षा कर्मियों के साथ अनावश्यक विवाद करते हुए गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार कर रही थी। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को समझा-बुझाकर वहां से भेज दिया।

हालांकि, कुछ समय बाद महिला दोबारा ट्रामा सेंटर पहुंच गई। इस बार BHU ट्रामा सेंटर की महिला सुरक्षा कर्मियों और उनके साथियों ने उसे चौकी नगवां पहुंचाया। वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने महिला को समझाने का प्रयास किया और शांति बनाए रखने की हिदायत देकर भेज दिया।
तीसरी बार हंगामा करने पर चौकी लाई गई महिला
पुलिस के मुताबिक, समझाने के बाद भी महिला का व्यवहार नहीं बदला। वह फिर से BHU ट्रामा सेंटर पहुंची और वहां हंगामा करते हुए सुरक्षाकर्मियों के साथ गाली-गलौज और छीना-झपटी करने लगी। स्थिति बिगड़ने पर ट्रामा सेंटर की महिला सुरक्षा कर्मी मोनी यादव और सरिता यादव अन्य सुरक्षाकर्मियों के साथ उसे लेकर नगवां पुलिस चौकी पहुंचीं।
ये भी पढ़े:- शक्तिनगर थाने में तैनात दरोगा सदाशिव राय का हृदयाघात से निधन
चौकी पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने एक बार फिर महिला को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि महिला ने वहां भी हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान उसने पुलिसकर्मियों और सुरक्षा कर्मियों के साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे उपनिरीक्षक स्वामिल सिंह और BHU ट्रामा सेंटर के एक सुरक्षा कर्मी को चोटें आईं। पुलिस के अनुसार, इस दौरान महिला ने स्वयं को भी चोट पहुंचाने का प्रयास किया।
चिकित्सकीय परीक्षण के बाद परिजनों को सौंपा
घटना के बाद पुलिस ने घायल उपनिरीक्षक और सुरक्षा कर्मी का BHU चिकित्सकीय परीक्षण कराया। वहीं महिला को भी चिकित्सकीय परीक्षण के लिए भेजा गया। पुलिस ने जूली के विरुद्ध आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 172(2) के तहत कार्रवाई की। विधिक कार्रवाई पूरी होने के बाद महिला को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
