गंगोत्री क्रूज पर 20 पर्यटकों को मिलेगा विशेष पैकेज, बनारसी चाट, लजीज व्यंजन के साथ ड्रोन, लेजर और आतिशबाजी शो का लुत्फ उठाएंगे पर्यटक; स्वीट रूम की तीन दिन की बुकिंग साढ़े तीन लाख रुपये तक
Varanasi: काशी की देव दिवाली इस बार सिर्फ घाटों की जगमगाहट और लाखों दीपों के दर्शन तक सीमित नहीं रहने वाली है, बल्कि गंगा की लहरों पर लग्जरी अंदाज में देव दिवाली देखने के लिए भी पर्यटकों के बीच जबरदस्त उत्साह है। 24 नवंबर को देव दिवाली के अवसर पर गंगोत्री लग्जरी क्रूज से 84 घाटों की रोशनी, गंगा आरती, ड्रोन, लेजर और फायर क्रैकर शो देखने के लिए प्रति व्यक्ति 25 हजार रुपये खर्च करने होंगे। खास बात यह है कि इस विशेष पैकेज में केवल 20 सीटें रखी गई हैं। कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट से ऑनलाइन बुकिंग की जा रही है और सीमित सीटों के कारण पर्यटकों को पहले से बुकिंग करानी पड़ रही है।
देव दिवाली की शाम पांच बजे से रात आठ बजे तक गंगोत्री क्रूज पर पर्यटक गंगा की (Varanasi) लहरों के बीच काशी के घाटों का विहंगम दृश्य देखेंगे। इस दौरान उन्हें बनारसी चाट समेत कई लजीज व्यंजन परोसे जाएंगे। क्रूज से 84 घाटों की दीपमालिका देखने के साथ ड्रोन शो, लेजर शो और फायर क्रैकर शो का भी आनंद मिलेगा। गंगा के बीच से घाटों की जगमगाहट देखने का यह अनुभव पर्यटकों के लिए देव दिवाली का खास आकर्षण बनने जा रहा है।

Varanasi: क्रूज की कॉरपोरेट बुकिंग पहली बार पूरी तरह फुल
देव दिवाली पर गंगा (Varanasi) में चलने वाले अलकनंदा, विवेकानंद और भागीरथी क्रूज की बुकिंग भी तेजी से हुई है। इन क्रूजों पर कॉरपोरेट बुकिंग का विशेष रुझान देखने को मिला है। अलकनंदा क्रूज लाइन कंपनी से जुड़े जयंत मालवीय के अनुसार, देव दिवाली से काफी पहले ही सभी प्रमुख क्रूज की बुकिंग पूरी हो चुकी है। उन्होंने बताया कि पहली बार देव दिवाली के अवसर पर इन सभी क्रूजों में कॉरपोरेट बुकिंग का इतना बड़ा रुझान देखने को मिला है। कंपनियां अपने कर्मचारियों, अतिथियों और व्यावसायिक सहयोगियों के लिए गंगा पर विशेष आयोजन की व्यवस्था कर रही हैं।

स्वीट रूम के तीन दिन का पैकेज साढ़े तीन लाख रुपये
लग्जरी गंगोत्री क्रूज के (Varanasi) स्वीट रूम का किराया भी देव दिवाली पर आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। 23, 24 और 25 नवंबर के लिए तीन दिन का स्वीट रूम पैकेज 3 लाख 50 हजार रुपये में बुक किया गया है। इसमें देव दिवाली के दर्शन के साथ काशी भ्रमण का विशेष टूर पैकेज भी शामिल है। लंच और डिनर के अलावा क्रूज पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लेने की सुविधा भी दी जा रही है। इसके बावजूद स्वीट रूम की बुकिंग देव दिवाली से पहले ही पूरी हो चुकी है।
वहीं डीलक्स रूम का तीन दिन का पैकेज 2 लाख 75 हजार रुपये में उपलब्ध कराया जा रहा है। इसकी उपलब्धता फिलहाल वेबसाइट पर दिखाई जा रही है। पर्यटक काशी (Varanasi) भ्रमण और देव दिवाली के उत्सव को लग्जरी ठहराव के साथ जोड़कर देख रहे हैं।
देसी क्रूज से लेकर नाव और हाउसबोट तक बुकिंग में तेजी
देव दिवाली पर सिर्फ लग्जरी क्रूज ही नहीं, बल्कि गंगा (Varanasi) में चलने वाले देसी क्रूज, बजड़े, मोटर बोट और नावों की बुकिंग में भी तेजी आई है। अलग-अलग घाटों से संचालित क्रूज का किराया 5 हजार से 8 हजार रुपये प्रति व्यक्ति तक पहुंच गया है। कई संचालक पैकेज में स्नैक्स और डिनर भी शामिल कर रहे हैं।

नावों से देव दिवाली देखने के लिए प्रति व्यक्ति करीब 3 हजार रुपये किराया तय किया गया है, जबकि कुछ घाटों पर नाविक 3,500 रुपये तक वसूल रहे हैं। नाविक शंभू निषाद के अनुसार, छोटी मोटर बोट की बुकिंग 40 हजार रुपये और मीडियम मोटर बोट की बुकिंग 60 से 70 हजार रुपये के बीच हुई है। (Varanasi) हाउसबोट डेढ़ लाख से दो लाख रुपये तक में बुक किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि अब तक करीब 50 प्रतिशत नावों की बुकिंग हो चुकी है, जबकि लगभग 45 प्रतिशत नावें अभी बुकिंग के लिए उपलब्ध हैं।
पर्यटन कारोबार को 100 करोड़ रुपये से अधिक का फायदा होने की उम्मीद
देव दिवाली पर काशी (Varanasi) में पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। नाव, बजड़े और क्रूज कारोबार से पर्यटन उद्योग को 10 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार मिलने का अनुमान है। वहीं होटल कारोबार के 60 से 80 करोड़ रुपये तक पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है। इस बार देव दिवाली पर 10 से 15 लाख पर्यटकों के काशी आने की संभावना है।

ये भी पढ़े:- अस्सी, तुलसी और गंगा महल घाट पर देवोत्थान एकादशी की धूम
गंगा के घाटों (Varanasi) पर दीपों की रोशनी, गंगा आरती, सांस्कृतिक कार्यक्रम, आतिशबाजी और क्रूज पर्यटन के बढ़ते आकर्षण ने देव दिवाली को काशी के पर्यटन कारोबार के लिए बड़े अवसर में बदल दिया है। इस बार घाटों पर दीपों की जगमगाहट देखने के साथ गंगा के बीच से देव दिवाली का अनुभव लेने के लिए पर्यटक हजारों से लेकर लाखों रुपये तक खर्च करने को तैयार हैं।
