चक्रवाती तूफान अकवान के प्रभाव से पूर्वांचल में बदलेगा मौसम, गरज-चमक के साथ वर्षा और कोहरे की संभावना; दीपोत्सव की तैयारियों के बीच बढ़ी चिंता
Varanasi: देव दीपावली से पहले काशी के मौसम ने करवट लेनी शुरू कर दी है. चक्रवाती तूफान अकवान के प्रभाव से 21 से 23 नवंबर तक वाराणसी समेत पूर्वांचल के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग ने इसे लेकर यलो अलर्ट जारी किया है. बारिश के साथ तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने, सुबह और रात में ठंड बढ़ने तथा कोहरे का असर तेज होने के आसार हैं. देव दीपावली पर गंगा के 84 घाटों को लाखों दीपों से रोशन करने की तैयारियों के बीच मौसम का यह बदलाव आयोजकों और श्रद्धालुओं के लिए चिंता बढ़ाने वाला है.
शुक्रवार को काशी (Varanasi) में मौसम का मिजाज दिनभर बदलता रहा. सुबह आसमान साफ रहा और तेज धूप खिली, लेकिन कुछ ही समय बाद बादलों ने आसमान को घेर लिया. दिन में धूप निकलने के बावजूद अधिकतम तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस के पार नहीं पहुंच सका. हल्की हवा चलने के कारण धूप में भी ठंड का एहसास बना रहा. शाम होते ही तापमान में तेजी से गिरावट शुरू हो गई और रात आठ बजे तक पारा 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया. शुक्रवार को अधिकतम तापमान 28.5 डिग्री और न्यूनतम 13.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इस दौरान हवा की गति 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे रही.
काशी हिंदू विश्वविद्यालय (Varanasi) स्थित भू भौतिकी विभाग के प्रसिद्ध मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि चक्रवाती तूफान अकवान बंगाल की खाड़ी से पूर्वी तट को पार करने के बाद उत्तर दिशा की ओर बढ़ रहा है. शुक्रवार तक यह ओडिशा के ऊपर अवदाब के रूप में केंद्रित था. इसके प्रभाव से पूर्वांचल के कई जिलों में बारिश होने की संभावना है. मौसम में इस बदलाव के कारण तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है. इससे सुबह और रात के समय ठंड बढ़ेगी, जबकि कोहरे का प्रभाव भी बढ़ने के आसार हैं.
Varanasi: घाटों पर दीपदान और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की चिंता
देव दीपावली पर काशी (Varanasi) के 84 घाटों पर दीपदान, गंगा आरती और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियां अंतिम चरण में हैं. घाटों पर दीप सजाने, रोशनी की व्यवस्था करने और श्रद्धालुओं के स्वागत की तैयारी चल रही है. ऐसे में 21 से 23 नवंबर के बीच बारिश की संभावना ने आयोजनों को लेकर चिंता बढ़ा दी है. खुले घाटों पर दीपदान, सजावट और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान बारिश हुई तो व्यवस्थाओं पर असर पड़ सकता है. दीपों को सुरक्षित रखने से लेकर श्रद्धालुओं की आवाजाही और घाटों पर भीड़ प्रबंधन तक चुनौती बढ़ सकती है.
ये भी पढ़े:- Varanasi: में बारात के नाम पर सड़क जाम और शोरगुल नहीं चलेगा
मौसम में बदलाव के साथ ठंड और कोहरे का असर भी बढ़ने की संभावना है. इससे बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को भी परेशानी हो सकती है. फिलहाल देव दीपावली(Varanasi) की तैयारियां जारी हैं, लेकिन मौसम विभाग के अगले पूर्वानुमान पर आयोजकों और प्रशासन की नजर बनी हुई है. काशी के दीपोत्सव की भव्यता पर मौसम कितना असर डालेगा, यह आने वाले दिनों की स्थिति पर निर्भर करेगा.
