Sonbhadra: राबर्ट्सगंज नगर में लगातार हो रही बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। इमरती कॉलोनी के सामने वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर भारी जलभराव के कारण मंगलवार को लोगों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सड़क पर इतना पानी भर गया कि कई वाहनों में पानी घुसने से वे खराब हो गए, जबकि कुछ राहगीर फिसलकर गिर पड़े और चोटिल हो गए। बताया जा रहा है कि सोमवार से जिले में लगातार अच्छी बारिश हो रही है।

बारिश के कारण नदी, नाले और तालाब लबालब हो गए हैं। कई तालाबों के भर जाने के बाद पानी आसपास की सड़कों पर पहुंचने लगा है। वहीं, किसान भी बारिश के बाद अपनी खेती-किसानी के कार्यों में जुट गए हैं। इमरती कॉलोनी के पीछे स्थित कई गांवों से आने वाला पानी वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग (Sonbhadra) पर पहुंचने के कारण यहां हर वर्ष जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। इस बार भी सड़क पर भारी मात्रा में पानी भरने से राहगीरों और वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

Sonbhadra: पानी निकालने में जुटे रहें कर्मचारी
स्थिति की जानकारी मिलने पर नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी मुकेश कुमार कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे और पानी निकासी के लिए पंपिंग सेट लगवाकर जलभराव को कम करने का प्रयास किया। कर्मचारी लंबे समय तक पानी निकालने में जुटे रहे। शहर के अन्य कई वार्डों में भी बारिश के कारण जलभराव की समस्या देखने को मिली। कई स्थानों पर बारिश का पानी लोगों के घरों तक पहुंच गया, जिससे स्थानीय नागरिकों को परेशानी उठानी पड़ी।

ये भी पढ़ें:- बालू लदे डंपर की चपेट में आने से छात्रा की मौत, ग्रामीणों ने शव रखकर किया चक्का जाम
लोगों का कहना है कि नगर में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हर वर्ष बारिश के दौरान ऐसी स्थिति पैदा हो जाती है। स्थानीय लोगों ने नगर के प्रमुख जलभराव वाले क्षेत्रों (Sonbhadra) में स्थायी जलनिकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि बरसात के मौसम में लोगों को इस तरह की परेशानियों का सामना न करना पड़े।

