PM in Kashi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सितंबर महीने के अंत तक प्रदेश को और अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी को कई परियोजनाओं की सौगात देंगे। प्रधानमंत्री काशी से प्रदेश के 60 अटल विद्यालयों का लोकार्पण करेंगे। इसके अलावा पूर्वांचल के पहले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का शिलान्यास करेंगे। साथ ही लहरतारा-फुलवरिया फोरलेन को जनता को समर्पित करेंगे। नमो घाट के दूसरे और तीसरे फेज के काम का लोकार्पण संभव है।
प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक, ज्यादातर अटल आवासीय विद्यालय बन गए हैं। सभी में दाखिला प्रक्रिया चल रही है, उनमें जल्द ही कक्षाएं भी चलेंगी। इसे पहले प्रधानमंत्री के हाथों लोकार्पण (PM in Kashi) कराने की तैयारी है। इसी तरह वाराणसी के गंजारी में प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का शिलान्यास होगा। इसकी तैयारी में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ ही बीसीसीआई की टीम जुटी है।
PM in Kashi: फुलवरिया फोरलेन से जनता को मिलेगी सहूलियत
बता दें कि फुलवरिया फोरलेन का शिलान्यास प्रधानमंत्री ने किया था। रेलवे बोर्ड से अनापत्ति मिलने के बाद फुलवरिया फोरलेन का काम अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। यह फोरलेन शहर के प्रमुख क्षेत्रों को आपस में जोड़ेगी। एक लेन का काम पूरा होने के बाद वाहनों का आवागमन भी शुरू हो गया है।
फोरलेन बन जाने से अब लोगों को काफी सहूलियत मिलने वाली है। पहले जहां लहरतारा से कचहरी और शिवपुर पहुंचने में आधा घंटे से 45 मिनट तक का समय लगता था। वह सफ़र अब महज 10 मिनट में पूरा होगा। इस फोरलेन पर पूरी तरह से आवागमन शुरू होने के बाद कैंट रेलवे स्टेशन, रोडवेज बस स्टैंड और अंधरापुल पर जाम से लोगों को राहत मिलेगी।

