केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ० मनुसुख मंडाविया ने शुक्रवार को संसद में कोरोना के हालात पर बयान दिया। एक ओर जहां विपक्ष संसद में हंगामा उत्प्पन करने में लगा हुआ था। वहीँ, केन्द्रीय मंत्री ने कोरोना को लेकर देश में चल रही तैयारियों के बारे में बताया। उन्होंने कहा- पिछले 3 साल में वायरस के बदलते स्वभाव ने सेहत के लिए खतरा पैदा किया है। इसने हर देश को प्रभावित किया।
एक साल में भारत में लगातार कोविड केसों में कमी दर्ज की गई। अभी 153 केस रोजाना आ रहे हैं। पूरी दुनिया में 5।87 लाख केस रोज दर्ज हो रहे हैं। जापान, साउथ कोरिया, यूएसए, फ्रांस जैसे देशों में कोविड से मौतों की संख्या बढ़ी है।
उन्होंने कहा कि नए वैरिएंट से चुनौती बढ़ी हैं। हर प्रॉटोकॉल का पालन करना जरूरी है। हमने कोविड महामारी का मैनेजमेंट किया है। हमने राज्यों की सहायता की ताकि वे कोविड के खिलाफ लड़ सकें। 220 करोड़ कोविड वैक्सीन लगाई गई हैं। 90% आबादी को दोनों टीके लग चुके हैं। 25 करोड़ से ज्यादा आबादी को प्रिकॉशन डोज लग चुकी है।
केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने आगे कहा, “हमारी नजर दुनिया पर है। बदलते वैरिएंट से जो चुनौतियाँ पैदा हो रही हैं, उसपर सरकार तुरंत कदम उठा रही है। कोरोना को कंट्रोल करने के लिए जिनोम सिक्वेंसिंग बढ़ाने की सलाह दी गई है। इससे नए वैरिएंट की ट्रैकिंग हो सकेगी। साथ ही नए वैरिएंट से लोगों को बचाने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए जा सकेंगे। आने वाले फेस्तिवल सीजन को देखते हुए राज्यों को सतर्क रहने, मास्क, सेनेटाईजर के बारे में जागरूकता पैदा करने को कहा गया है। राज्यों को प्रिकॉशन डोज बढ़ाने व उसके लिए जागरूकता लाने को कहा गया है। अंतर्राष्ट्रीय पैसेंजर्स की रैंडम सम्प्लिंग भी आज से शुरू कर दी गई है। ये महामारी अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। प्रिकॉशन डोज लगाने के बाद कोविड प्रोटोकॉल का पालन करना चाहिए। हमारा दुश्मन समय-समय पर बदल रहा है। उसके खिलाफ लगातार लड़ाई जारी रखने की जरूरत है।”
दुनिया में बढ़ते कोरोना महामारी को देखते हुए संसद में आज से मास्क की शुरुआत कर दी गई है। स्वास्थ्य मंत्री ने भी लोगों से मास्क के प्रति जागरूकता लाने को कहा है।

