राहुल सोनी
वाराणसी। चौबेपुर क्षेत्र के भंदहाँ कलां के प्राथमिक विद्यालय में बच्चों को शोर के नुकसान और कानूनी प्रावधानों के बारे में शनिवार को जागरूक किया गया। ध्वनि प्रदूषण के खिलाफ अभियान चलाने वाली संस्था ‘सत्या फाउंडेशन’ के संस्थापक सचिव चेतन उपाध्याय ने बच्चों को ध्वनि की इकाई डेसीबल के बारे में सविस्तार समझाया।
रात 10 से सुबह 6 बजे तक 100 % स्विच ऑफ
बच्चों को बताया गया कि रात्रि 10:00 से सुबह 6:00 के बीच स्पीकर 100% स्विच ऑफ का कानून है और कथित तौर पर कम ध्वनि में लाउडस्पीकर को बजाने का कोई नियम नहीं है। प्रशासन और स्थानीय थाने से लिखित अनुमति लेकर ही, दिन के दौरान यानी सुबह 6 से रात 10 के बीच लाउडस्पीकर को कम ध्वनि में बजाने का नियम है। ताकि आसपास के लोगों को पढ़ाई-लिखाई, विश्राम, बातचीत या सामान्य कामकाज में कोई दिक्कत ना हो। दिन के दौरान तेज शोर को पुलिस कम करवा सकती है। बिना डेसीबल मीटर के भी पुलिस द्वारा स्व-विवेक से ध्वनि को कम कराया जा सकता है। फिर से बताया कि रात्रि 10:00 से सुबह 6:00 के बीच ध्वनि को पूरी तरह से 100% स्विच ऑफ कराने का नियम है।
प्रेशर हॉर्न पर पूर्ण रोक
उन्होंने बताया कि घर से 10 मिनट जल्दी निकलें तो बेवजह हार्न बजाने से बचा जा सकता है। प्रेशर हार्न पर पूर्ण रोक है। मगर कानून के अनुसार, सामान्य हार्न भी इमरजेंसी यानी आपात स्थिति में ही बजाया जा सकता है और रात्रि 10:00 से सुबह 6:00 के बीच ट्रक-कार-स्कूटर- मोटरसाइकिल सभी के सामान्य हार्न पर भी पूर्ण प्रतिबंध है। इसी तरह दिन हो या रात, अस्पताल-स्कूल कॉलेज-धार्मिक स्थल और कोर्ट-कचहरी के 100 मीटर के दायरे में आप स्कूटर या मोटरसाइकिल का हार्न भी नहीं बजा सकते।
शिकायत पर पहचान रखी जाएगी गुप्त
ध्वनि प्रदूषण की शिकायत 112 नंबर पर कॉल करके दी जा सकती है। आप अपना नाम और नंबर गुप्त रखना चाहें तो आपकी पहचान गुप्त रखी जाती है। यू० पी० पुलिस के डायल 112 के व्हाट्सएप नंबर 7570000100 पर लिखित रूप से शिकायत भेजकर दिन में ध्वनि को कम और रात 10:00 बजे से सुबह 6:00 बजे के बीच पूरी तरह बंद करा सकते हैं। बस आपको अपनी लिखित शिकायत के अंत में लिखना पड़ेगा कि “कृपया शिकायतकर्ता का नाम और नंबर गुप्त रखा जाए” और वास्तव में आपकी पहचान गुप्त रखी जाती है।
कार्यक्रम में प्रधानाचार्या चन्द्रावती देवी ने अतिथियों को भारत माता की प्रतिमा भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन श्री रमेश कुमार मौर्या ने किया। इस मौके पर श्वेतकमल रघुवंशी, रितेश कुशवाहा, रमाशंकर यादव, प्रतिमा भारती, गायत्री सिंह, मंजू यादव, अर्चना सिंह, स्मिता सिंह एवं सरिता सिंह उपस्थित रहे।
संस्था द्वारा वर्षों से की जा रही थी मांग
‘सत्या फाउंडेशन’ द्वारा वर्षों से गुप्त शिकायत दर्ज कराने हेतु हेल्पलाइन नंबर की मांग की जा रही थी। मगर योगी आदित्यनाथ जी की सरकार में यह गुप्त शिकायत की सुविधा शुरू हुई है।

