- मेहनती थी, स्कूल से आने के बाद लगाती थी सब्जी की दुकान
मंडुवाडीह। मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के घुघुलपुर, जलाली पट्टी में सोमवार की सुबह 16 वर्षीय नीति कुमारी ने फांसी लगाकर अपनी इह लीला समाप्त कर ली। सूचना पर एसीपी रोहनिया और मंडुवाडीह थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
मिली जानकारी के अनुसार घुघुलपुर जल्लालीपट्टी निवासिनी नीति कक्षा आठ की छात्रा थी। घर की मेहनती लड़की थी। दो भाई चार बहनों में सबसे छोटी। घर का खर्च यही चलाती थी। स्कूल से लौटने के बाद सब्जी की दुकान लगाती इस काम में एक भाई इसका मदद करता था। पिता पैर से दिव्यांग है और नशे का आदि भी। ऐसे में छोटी उम्र में पढ़ाई के साथ-साथ घर की पूरी जिम्मेदारी नीति ने उठा रखी थी। फांसी लगाने की सूचना बगल की छत पर पतंग उड़ा रहे बच्चों से मिली। बच्चों ने फंदे से लटका शव देखा तो शोर मचाया। इसके बाद वहां पहुंचे परिजनों ने तत्काल उसे नीचे उतारा लेकिन देर हो चुकी थी। परिजनों ने बताया कि सुबह किशोरी ने बाजार से आयी सब्जी को घर में रखवाया और उसके बाद घर की पहली मंजिल पर जाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पाकर मौके पर एसीपी रोहनिया विदुष सक्सेना ,थाना प्रभारी मंडुवाडीह राजीव कुमार सिंह व चौकी प्रभारी डीएलडब्लू अनुराग मिश्रा पहुंचकर विधिक कार्रवाई में जुट गए। फिलहाल आत्महत्या के कारणों की स्थिति स्पष्ट नहीं।

