- संकट की घड़ी में पत्रकार अकेले नहीं हैं: मुख्यमंत्री
- दिवंगत पत्रकारों को योजनाओं का लाभ लेने में कोई समस्या न होने पाए: जिलाधिकारी
महर्षि सेठ
जौनपुर। मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार के ओर से रविवार को सरकारी आवास पर कोरोना काल में दिवंगत पत्रकारों के आश्रितों को 10 लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। जिसमें जनपद के 2 गैर मान्यता प्राप्त पत्रकार स्वर्गीय बच्चू लाल विश्वकर्मा और मोहम्मद इकबाल के परिजन को मुख्यमंत्री के ओर से चेक प्रदान किया गया।
बीते दिनों मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा था कि दिवंगत पत्रकारों को उपलब्ध कराई जा रही धनराशि बहुत ही छोटी है। किंतु शासन की ओर से एक सम्बल है कि संकट के समय वे अकेले नहीं है। शासन – प्रशासन दिवंगत पत्रकार बन्धुओं के परिवार के साथ हैं।
इसी क्रम में सोमवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने दिवंगत पत्रकारों के परिजनों के मुलाकात करते हुए आश्वासन दिया है कि उन्हें किसी प्रकार की समस्या हो तो अवश्य अवगत कराएं। उन्होंने जिला सूचना अधिकारी मनोकामना राय को निर्देशित किया कि जिला प्रोबेशन अधिकारी से समन्वय स्थापित करते हुए अन्य योजनाओं का परिजनों से आवेदन कराए और पात्र होने की दशा में उनको योजनाओं का लाभ शीघ्र दिलाया जाए।
इस अवसर पर स्वर्गीय बच्चू लाल विश्वकर्मा और मोहम्मद इकबाल के परिवारजनों ने उपलब्ध कराई गई सहायता राशि के लिए मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार, जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ० लक्ष्मी सिंह, जिला सूचना अधिकारी मनोकामना राय का हृदय से आभार व्यक्त किया।

