केंद्र में तीसरी बार मोदी सरकार बनने के बाद PM Modi पहली बार काशी आ रहे हैं। 18 जून को पीएम मोदी का वाराणसी में आगमन होना है। ऐसे में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के काशी आगमन को लेकर सारी अटकलों पर विराम लग गया। नई दिल्ली से सोमवार को आई सूचना के अनुसार पीएम मोदी 18 जून को काशी आ रहे हैं। यह एक दिवसीय प्रवास होगा। इस दौरान वे किसान सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इसके लिए स्थान चयन किया जा रहा है। स्थानीय संगठन की ओर से रोहनिया अथवा सेवापुरी विधानसभा क्षेत्र में किसान सम्मेलन आयोजित करने के लिए स्थल चयन करने का कार्य किया जा रहा है।
PM Modi के आगमन को लेकर हुई बैठक
पीएम मोदी (PM Modi) के आगमन को लेकर सिगरा के गुलाबबाग स्थित पार्टी कार्यालय में महानगर व जिला पदाधिकारियों की बैठक हुई। इसमें भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष दिलीप पटेल ने पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को यह जानकारी दी। क्षेत्र अध्यक्ष दिलीप पटेल ने बताया कि पीएम मोदी किसान सम्मेलन को संबोधित करने के बाद बाबा श्री काशी विश्वनाथ का दर्शन पूजन करेंगे।
इसके बाद पीएम मोदी (PM Modi) स्थानीय दशाश्वमेध घाट पर गंगा आरती में भाग लेंगे। पीएम मोदी के कार्यक्रम को लेकर बनारस भाजपा ने तैयारी शुरू कर दी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पीएम मोदी के भव्य स्वागत की तैयारी के लिए अलर्ट किया। कहा, कार्यक्रम की तिथि फाइनल हो गई है। किसान सम्मेलन को लेकर सभी कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपने का सिलसिला शुरू हो गया है।

