Varanasi: दशाश्वमेध घाट के सामने गंगा किनारे रेती पर घोड़ा-ऊंट चलाने वालों और नाविकों के बीच जमकर मारपीट हो गई। घटना दशाश्वमेध घाट के सामने की बताई जा रही है। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चल गए। मारपीट में करीब चार नाविक घायल हो गए।
अधिक वसूली को लेकर हुआ विवाद
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घाट के सामने गंगा रेती (Varanasi) पर कुछ युवक पर्यटक से घोड़ा-ऊंट सवारी के लिए तय दर से अधिक रुपये मांग रहे थे। इसी दौरान एक नाविक ने हस्तक्षेप करते हुए पर्यटक से ज्यादा वसूली का विरोध किया। आरोप है कि इसी बात पर नाराज युवकों ने नाविक के साथ मारपीट शुरू कर दी, जिसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।
घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें 5 से 10 युवक हाथों में डंडे लेकर दौड़ते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में गंगा रेती पर अफरा-तफरी और भगदड़ जैसी स्थिति नजर आ रही है। स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन तब तक कई लोग घायल हो चुके थे।
Varanasi: घायल अस्पताल में भर्ती
घायलों को उपचार के लिए कबीरचौरा अस्पताल (Varanasi) ले जाया गया। नाविकों का आरोप है कि वहां प्राथमिक उपचार नहीं किया गया और पहले थाने जाने की बात कही गई।
नाविकों का कहना है कि घोड़ा-ऊंट संचालकों द्वारा पर्यटकों से मनमानी वसूली को लेकर वे पहले भी पुलिस से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं होने से विवाद की स्थिति बार-बार बन रही है। घटना के बाद नाराज नाविक कार्रवाई की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए।

