अब घरेलू LPG ग्राहकों को बायोमेट्रिक e-KYC कराना अनिवार्य हो गया है। LPG ग्राहकों के लिए यह एक महवपूर्ण खबर सामने आई है। पेट्रोलियम मंत्रालय ने X पर पोस्ट करके यह जानकरी दी है। मंत्रालय का कहना है कि अब सभी घरेलू गैस ग्राहकों के लिए बायोमेट्रिक आधार ऑथेंटिकेशन यानी e-KYC कराना अनिवार्य है। ट्वीट में यह भी जानकारी दी गई है कि e-KYC के लिए गैस एजेंसी के चक्कर नहीं मारने पड़ेंगे बल्कि इसके लिए सिर्फ गैस कंपनी का मोबाइल ऐप और Aadhaar FaceRD की जरूरत पड़ेगी।
यह वेरिफिकेशन प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के 10.5 करोड़ से ज्यादा लाभार्थियों के लिए खास तौर पर जरूरी है, ताकि उन्हें सब्सिडी मिलना जारी रहे। इन लाभार्थियों के लिए साल में एक बार इसी ऑनलाइन तरीके से वेरिफिकेशन कराना जरूरी होगा।
अपने फोन से e-KYC पूरा करने के लिए सबसे पहले अपनी गैस कंपनी की ऐप और Aadhaar FaceRD ऐप को इंस्टॉल कर लें। इनकी जरूरत LPG ग्राहकों को अनिवार्य बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन को पूरा करने के लिए पड़ेगी।
आइये जानते हैं e-KYC करने की पूरी प्रक्रिया
- अपने स्मार्टफोन पर अपनी ऑयल मार्केटिंग कंपनी (OMC) का मोबाइल ऐप डाउनलोड करें, जैसे कि MyHP ऐप (HP Gas ग्राहकों के लिए), IndianOil One ऐप (Indane Gas ग्राहकों के लिए), और Bharat Gas ऐप (Bharat Gas ग्राहकों के लिए)।
- Google Play Store या Apple App Store से Aadhaar FaceRD ऐप डाउनलोड करें।
- इसके बाद गैस कंपनी के ऐप को खोलें और अपने उसी मोबाइल नंबर से लॉगिन करें जो आपके गैस कनेक्शन के साथ रजिस्टर्ड है।
- गैस कंपनी की ऐप में Menu या Service सेक्शन में जाएं और वहां Aadhaar e-KYC या Re-KYC के बटन पर क्लिक करें।
- इसके बाद स्क्रीन पर दिखने वाले नियमों को स्वीकार करें और चेहरे की पहचान कराने के लिए अगले स्टेप की ओर बढ़ें।
- ऐसा करते ही Aadhaar FaceRD ऐप खुद-ब-खुद खुल जाएगा।
- अब अपने फोन के फ्रंट कैमरे से अपने चेहरे को स्कैन कर लें। चेहरे को स्कैन करने के लिए आपको पलके झपकानी होंगी।
- इस स्टेप के बाद आपकी आधार डिटेल्स स्क्रीन पर आ जाएंगी।
- अब Submit बटन पर क्लिक करके अपनी e-KYC पूरी करें।
- अगर आपको कोई समस्या आती है, तो मदद के लिए MoPNG की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएँ या अपने स्थानीय LPG डिस्ट्रीब्यूटर से संपर्क करें।
LPG ग्राहकों के लिए e-KYC क्यों है अनिवार्य
बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन को अनिवार्य बनाने के सरकार के फैसले का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि LPG सिलेंडर केवल असली ग्राहकों तक ही पहुँचें। आपूर्ति में चल रही कमी के कारण, देश के कई हिस्सों में LPG सिलेंडरों की घबराहट में खरीदारी और जमाखोरी की खबरें आई हैं। नकली या डुप्लीकेट LPG कनेक्शन खत्म करना, LPG सिलेंडरों की जमाखोरी और कालाबाजारी रोकना, सीमित आपूर्ति का असली ग्राहकों के बीच निष्पक्ष वितरण सुनिश्चित करना और कमी के दौरान LPG वितरण को अधिक कुशलता से ट्रैक करना जैसे मुद्दा LPG कनेक्शन को आधार बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन से जोड़ने के पीछे सरकार का यह मक्शत है।

